Site icon News1India

Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में कब से शुरू होगा पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट, भारत समेत कितनी टीमें होंगी मैदान में

जापान के आईची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स 2026 में अब पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट की बारी है। महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। श्रीलंका को सिल्वर और पाकिस्तान को ब्रॉन्ज मेडल मिला। अब क्रिकेट फैंस की नजर पुरुषों के मुकाबलों पर है।

24 सितंबर से मुकाबले

एशियन गेम्स 2026 का पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा और 3 अक्टूबर तक चलेगा। प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को सीधे क्वार्टरफाइनल में जगह मिली है।

वहीं अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हांगकांग, मलेशिया और ओमान को ग्रुप स्टेज में खेलना होगा। इन छह टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी।

ऐसा रहेगा पूरा शेड्यूल

ग्रुप स्टेज के मुकाबले 24 से 26 सितंबर तक खेले जाएंगे। 24 सितंबर को जापान और अफगानिस्तान के बीच सुबह 5:30 बजे मुकाबला होगा। इसी दिन हांगकांग और मलेशिया सुबह 10:30 बजे आमने-सामने होंगे।

25 सितंबर को हांगकांग-ओमान सुबह 5:30 बजे और अफगानिस्तान-नेपाल सुबह 10:30 बजे खेलेंगे। 26 सितंबर को जापान-नेपाल सुबह 5:30 बजे और मलेशिया-ओमान सुबह 10:30 बजे भिड़ेंगे।

क्वार्टरफाइनल मुकाबले 28 और 29 सितंबर को होंगे। 28 सितंबर को पाकिस्तान का मुकाबला ग्रुप बी की दूसरी टीम से सुबह 5:30 बजे और भारत का मुकाबला ग्रुप ए की दूसरी टीम से सुबह 10 बजे होगा। 29 सितंबर को श्रीलंका और ग्रुप ए की शीर्ष टीम तथा बांग्लादेश और ग्रुप बी की शीर्ष टीम के बीच मुकाबले होंगे।

सेमीफाइनल 1 अक्टूबर को सुबह 5:30 और 10 बजे होंगे। कांस्य पदक मुकाबला और फाइनल 3 अक्टूबर को खेले जाएंगे। कांस्य मुकाबला सुबह 5:30 बजे और फाइनल सुबह 10 बजे शुरू होगा।

टीवी और स्ट्रीमिंग कहां

पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं, दर्शक मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग फैनकोड ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे।

भारत की टीम कैसी

भारतीय टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के हाथों में है, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान हैं। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

भारत की टीम में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी जगह मिली है। यश ठाकुर और विप्रज निगम भी टीम का हिस्सा हैं। इस तरह भारतीय टीम में अनुभव और युवा खिलाड़ियों का मिश्रण देखने को मिलेगा।

बाकी टीमों में कौन

अफगानिस्तान की कमान डार्विश रसूली संभालेंगे। बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास हैं, जबकि हांगकांग की कप्तानी यासिम मुर्तजा करेंगे। जापान की टीम के कप्तान केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग हैं और मलेशिया की टीम में सैयद अजीज, विरंदीप सिंह और पवनदीप सिंह जैसे खिलाड़ी हैं।

नेपाल की कप्तानी दीपेंद्र सिंह ऐरी करेंगे। टीम में कुशाल भुर्टेल, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी और संदीप लामिछाने जैसे नाम शामिल हैं। ओमान की कमान सुफ्यान महमूद के हाथों में है।

पाकिस्तान की कप्तानी साहिबजादा फरहान करेंगे। उनके साथ अब्दुल समद, सैम अयूब, हैदर अली, अबरार अहमद और सुफ्यान मुकीम जैसे खिलाड़ी टीम में हैं। श्रीलंका की कप्तानी सहान अराचिगे करेंगे। टीम में निरोशन डिकवेला, नुवानिदु फर्नांडो, चमिका करुणारत्ने और विजयकांत वियास्कंथ जैसे खिलाड़ी शामिल हैं।

Exit mobile version