Site icon News1India

बुमराह की गेंदों ने मचाया तूफान, इंग्लैंड ढेर – कपिल देव का टूटा रिकॉर्ड 

Jasprit Bumrah

Jasprit Bumrah : दूसरे टेस्ट से वर्कलोड मैनेजमेंट के चलते बाहर रहने वाले जसप्रीत बुमराह ने तीसरे टेस्ट में जबरदस्त वापसी करते हुए लॉर्ड्स की पिच पर वो कर दिखाया जो अब तक भारतीय तेज़ गेंदबाजों के लिए सिर्फ एक ख्वाब रहा है। टेस्ट की दूसरी सुबह जब बुमराह ने गेंद संभाली, तो इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर मानो बिजली गिर गई। उन्होंने न सिर्फ 5 विकेट झटके, बल्कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज कपिल देव का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।

बुमराह ने तोड़ा रिकॉर्ड

बुमराह ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेकर अपने टेस्ट करियर का 15वां ‘फाइव विकेट हॉल’ पूरा किया। खास बात यह रही कि यह उनका 13वां पांच विकेट haul विदेशी ज़मीन पर आया — और इसी के साथ उन्होंने कपिल देव के 12 फाइव विकेट हॉल के रिकॉर्ड को पछाड़ते हुए भारत के लिए विदेशों में सबसे ज्यादा बार पारी में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।

ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज

लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराना हर क्रिकेटर का सपना होता है, और बुमराह ने यह उपलब्धि हासिल कर ली। इंग्लैंड की पहली पारी में उन्होंने जोफ्रा आर्चर को पवेलियन भेजते ही अपना पांचवां विकेट पूरा किया, लेकिन इसके बावजूद बुमराह जश्न मनाते नहीं दिखे — उनकी आंखों में सिर्फ टीम के लिए योगदान देने का संकल्प नजर आया।

यह भी पढ़ें : भारत में 20% से नीचे पहुंचा टैरिफ, चीन को लगा बड़ा झटका…

इंग्लैंड की टीम बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों के सामने 387 रन पर सिमट गई। दूसरे दिन इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 251 रन से आगे खेलना शुरू किया। जेमी स्मिथ और ब्रायडन कार्स के अर्धशतक जरूर टीम को कुछ मजबूती दे पाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय आक्रमण के आगे टिक नहीं सके।

धीमी शुरुआत, दबाव में टॉप ऑर्डर

भारतीय पारी की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही। यशस्वी जायसवाल सिर्फ 13 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बने। करुण नायर ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन 40 रन बनाकर कप्तान बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। शुभमन गिल भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 28 रन पर आउट हो गए। दिन का खेल खत्म होने तक केएल राहुल 53 रन बनाकर नाबाद हैं और उनके साथ ऋषभ पंत 19 रन पर डटे हुए हैं। भारत अब भी इंग्लैंड के पहली पारी के स्कोर से 242 रन पीछे है और टीम पर बड़ा स्कोर बनाने का दबाव साफ दिखाई दे रहा है।

Exit mobile version