Site icon News1India

IPL Trade : हर्षल पटेल ने आधी सैलरी पर छोड़ी हैदराबाद, किस टीम में हुए शामिल, कितने करोड़ में हुआ सौदा?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों के ट्रेड को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। मंगलवार, 17 नवंबर को रिटेंशन डे पर गुजरात टाइटंस ने अनुभवी तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को अपनी टीम में शामिल कर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच लंबे समय से चल रही बातचीत के बाद यह सौदा पूरा हुआ। आईपीएल ने भी इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। हर्षल अब 8 करोड़ की जगह 4 करोड़ रुपये की सैलरी पर खेलेंगे।

दो बार जीत चुके पर्पल कैप

हर्षल पटेल का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्होंने 2012 में इस टूर्नामेंट में पदार्पण किया था। अब तक 124 मुकाबलों में 151 विकेट हासिल कर चुके हैं। उन्होंने पहली बार 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से खेलते हुए 32 विकेट लेकर पर्पल कैप जीती थी। इसके बाद 2024 में पंजाब किंग्स के लिए 24 विकेट लेकर दूसरी बार यह पुरस्कार अपने नाम किया।

हैदराबाद में नहीं चला जादू

सनराइजर्स हैदराबाद ने हर्षल पटेल को आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2025 में उन्होंने 13 मुकाबलों में 16 विकेट लिए थे। हालांकि, 2026 का सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें केवल पांच मैच खेलने का मौका मिला और वह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 10.82 रही। इसके बाद टीम ने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव का फैसला किया।

गुजरात की गेंदबाजी होगी मजबूत

हर्षल के आने से गुजरात टाइटंस की गेंदबाजी को अतिरिक्त अनुभव मिलेगा। टीम में पहले से मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे तेज गेंदबाज मौजूद हैं। हर्षल अपनी धीमी गेंदों, यॉर्कर और गेंदबाजी में विविधता के लिए जाने जाते हैं। खासकर डेथ ओवरों में उनकी भूमिका अहम हो सकती है। अहमदाबाद से ताल्लुक रखने वाले हर्षल के लिए गुजरात की टीम से खेलना अपने घरेलू राज्य की फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी होगा।

मिनी ऑक्शन से पहले हलचल

IPL 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले सभी 10 फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत करने में जुटी हैं। 17 नवंबर को रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची को अंतिम रूप दिया जाना है। रिपोर्टों के मुताबिक, मिनी ऑक्शन 16 दिसंबर को गोवा में प्रस्तावित है। गुजरात में शामिल होने के बाद हर्षल पटेल के प्रदर्शन पर सबकी नजर रहेगी। टीम प्रबंधन उन्हें नई गेंद से मौका देता है या डेथ ओवरों की जिम्मेदारी सौंपता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Exit mobile version