Preparation for Asian Games Cricket Team: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा एशियाई खेलों के लिए तैयार किए गए 30 खिलाड़ियों के संभावित समूह में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय आईपीएल स्टार वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो रही है। इतनी कम उम्र में उनका इस सूची में शामिल होना उनके शानदार प्रदर्शन का बड़ा इनाम माना जा रहा है। दूसरी ओर, टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और टेस्ट-वनडे कप्तान शुभमन गिल का नाम इस सूची में नहीं होने से भी चर्चा तेज हो गई है।
दो टूर्नामेंट एक साथ होने से चुनौती
दरअसल, बीसीसीआई के सामने इस बार एक अलग तरह की चुनौती है। भारत को 27 सितंबर से 17 अक्टूबर के बीच वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर तीन वनडे और पांच टी20 मैच खेलने हैं। वहीं, एशियाई खेलों में पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होगी। दोनों प्रतियोगिताओं की तारीखें आपस में टकरा रही हैं। इसी वजह से चयनकर्ताओं को एक ही समय में दो अलग-अलग मजबूत टी20 टीमें तैयार करनी पड़ रही हैं।
गिल और सूर्यकुमार क्यों नहीं?
माना जा रहा है कि शुभमन गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी कर सकते हैं। इसी कारण उन्हें एशियाई खेलों की संभावित सूची में शामिल नहीं किया गया। वहीं, सूर्यकुमार यादव का नाम न होना भी क्रिकेट जानकारों को ज्यादा हैरान नहीं करता। माना जा रहा है कि चयनकर्ता अब 2028 ओलंपिक और अगले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार करना चाहते हैं।
कप्तानी के कई दावेदार
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम की कप्तानी किसे मिलेगी, इसे लेकर भी चर्चा तेज है। श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और तिलक वर्मा इस दौड़ में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। इन तीनों खिलाड़ियों के पास कप्तानी का अनुभव भी है। इसके अलावा, पिछली बार एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने वाले रुतुराज गायकवाड़ का नाम भी संभावित खिलाड़ियों की सूची में रखा गया है।
अंतिम टीम चुनना आसान नहीं
30 खिलाड़ियों की इस सूची में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वॉशिंगटन सुंदर और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। स्पिन गेंदबाजी विभाग में कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और हर्ष दुबे के बीच मुकाबला माना जा रहा है। संभावना है कि इनमें से कुछ खिलाड़ी एशियाई खेलों में खेलेंगे, जबकि बाकी वेस्टइंडीज सीरीज का हिस्सा बन सकते हैं।
युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण
बीसीसीआई इस बार युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन तैयार करना चाहता है। यही वजह है कि चयनकर्ताओं को अब इस 30 सदस्यीय समूह में से अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन करना है। दो बड़े टूर्नामेंट एक साथ होने के कारण यह फैसला आसान नहीं होगा, लेकिन इससे कई युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा मौका जरूर मिलेगा।
