T20 World Cup: भारत–पाकिस्तान क्रिकेट विवाद चरम पर, किसने किया कोलंबो मैच के बॉयकॉट का ऐलान

पाकिस्तान सरकार ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार किया है। टीम टूर्नामेंट खेलेगी, लेकिन भारत-पाक मुकाबला नहीं होगा। ICC की प्रतिक्रिया अभी बाकी है।

India Pakistan T20 World Cup Controversy: टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में खेला जाना था। लेकिन अब इस मैच को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। पाकिस्तान सरकार ने साफ कर दिया है कि उसकी क्रिकेट टीम टूर्नामेंट में तो हिस्सा लेगी, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर राजनीति और खेल के रिश्ते पर बहस तेज हो गई है।

बांग्लादेश के फैसले से जुड़ा पूरा मामला

यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश को टी20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया। बांग्लादेश ने भारत में खेलने को लेकर अपनी सुरक्षा चिंताएं जाहिर की थीं। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश के इस रुख का समर्थन किया था। इसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि कहीं पाकिस्तान भी पूरे टूर्नामेंट से बाहर न हो जाए। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और पाकिस्तान ने सिर्फ भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का निर्णय लिया।

पाकिस्तान सरकार का आधिकारिक बयान

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी किया। इसमें कहा गया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड टी20 2026 में खेलने की अनुमति देती है। लेकिन साथ ही यह भी साफ किया गया कि 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में पाकिस्तान की टीम हिस्सा नहीं लेगी। सरकार के इस बयान ने स्थिति को और स्पष्ट कर दिया है।

आईसीसी और पीसीबी की स्थिति

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में अभी तक ICC को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की ओर से कोई लिखित या आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। ICC का कहना है कि जब तक PCB की तरफ से औपचारिक जानकारी नहीं मिलती, तब तक किसी तरह की कार्रवाई या संभावित प्रतिबंध पर फैसला नहीं लिया जा सकता। आने वाले दिनों में PCB की भूमिका इस पूरे विवाद में काफी अहम मानी जा रही है।

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान का पूरा कार्यक्रम

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान को भारत, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ एक ही ग्रुप में रखा गया है। पाकिस्तान अपने सभी लीग मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेलेगा। उसका पहला मुकाबला 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ होगा। इसके बाद 10 फरवरी को पाकिस्तान अमेरिका से भिड़ेगा। 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच तय है, जिसमें पाकिस्तान खेलने नहीं उतरेगा। वहीं, 18 फरवरी को उसका आखिरी लीग मुकाबला नामीबिया के साथ होगा।

क्रिकेट फैंस के लिए बड़ा झटका

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को क्रिकेट प्रेमी हमेशा खास नजर से देखते हैं। ऐसे में इस मैच का न होना फैंस के लिए निराशाजनक खबर है। अब सबकी नजर ICC और PCB के अगले कदम पर टिकी हुई है।

Exit mobile version