Site icon News1India

Test Squad :न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया में हुए बड़े बदलाव, किस खिलाड़ी की हुई एंट्री और किसकी छुट्टी?

न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट स्क्वॉड में चयन समिति ने दो अहम बदलाव किए हैं। 19 नवंबर 2026 से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए युवा तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को टेस्ट टीम से रिलीज कर दिया गया है, ताकि वह भारत लौटकर घरेलू क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकें। इसके अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत भी वेलिंगटन पहुंचकर टीम के साथ जुड़ गए हैं।

बराड़ का शानदार प्रदर्शन

टेस्ट टीम में जगह मिलने के बाद गुरनूर बराड़ अब टेस्ट स्क्वॉड के साथ जुड़ गए हैं। ऐसे में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें और आखिरी वनडे मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे। चयन समिति ने उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया है। बराड़ ने मौजूदा वनडे सीरीज के तीन मुकाबलों में 9 विकेट हासिल किए हैं। वह फिलहाल सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

कुलदीप का निराशाजनक खेल

दूसरी ओर, कुलदीप यादव को वनडे सीरीज में अब तक केवल एक मुकाबला खेलने का मौका मिला। बे ओवल में खेले गए चौथे वनडे में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, लेकिन उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उन्होंने 8 ओवर में 73 रन खर्च किए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। अब उन्हें टेस्ट स्क्वॉड से रिलीज कर घरेलू क्रिकेट खेलने का मौका दिया गया है।

दोनों टीमों का स्क्वॉड

भारत का अपडेटेड टेस्ट स्क्वॉड: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाशदीप, साई सुदर्शन, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज और गुरनूर बराड़।

भारत का अपडेटेड वनडे स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, तिलक वर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/उपकप्तान), अक्षर पटेल, नमन धीर, आकिब नबी, ऋतुराज गायकवाड़, अर्शदीप सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर और कुलदीप यादव।

Exit mobile version