Site icon News1India

IND vs NZ : जीत के बाद भी क्यों नाराज हुए कप्तान शुभमन गिल? टीम इंडिया की किन गलतियों ने बढ़ाई टेंशन

India vs New Zealand 2nd ODI: भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे वनडे मुकाबले में डीएलएस (DLS) पद्धति से 4 रन से हरा दिया। बारिश से प्रभावित यह मुकाबला आखिरी समय तक बेहद रोमांचक बना रहा। भारतीय टीम को भले ही करीबी जीत मिल गई, लेकिन कप्तान शुभमन गिल इससे पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। मैच के बाद उन्होंने टीम की कुछ गलतियों का जिक्र करते हुए बताया कि किस तरह भारत ने जीत के करीब पहुंचकर मुश्किलें बढ़ा ली थीं।

जीत के बाद भी नाराजगी

मैच के बाद पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने स्वीकार किया कि भारतीय बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में उम्मीद से ज्यादा विकेट गंवा दिए। टीम को पहले से अंदाजा था कि मुकाबले के दौरान बारिश आ सकती है, इसके बावजूद बल्लेबाजों ने कुछ ऐसे शॉट खेले, जिनसे बचा जा सकता था।

गिल ने कहा, “हमने अंत में अपनी उम्मीद से दो विकेट ज्यादा गंवा दिए थे। हमें पता था कि बाद में बारिश आ सकती है। हमने आखिरी दो शॉट जो खेले, वे अच्छे नहीं थे। अगर हमें इस मैच में डीएलएस पद्धति से 4 या 5 रन की हार मिली होती तो वह बहुत निराशाजनक होती। मगर अंत में जीतकर अच्छा लगा।”

आखिरी ओवरों में फंसी टीम

भारतीय पारी के दौरान श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की मौजूदगी में टीम की स्थिति अच्छी दिखाई दे रही थी। दोनों बल्लेबाजों ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन श्रेयस अय्यर के आउट होते ही भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाने लगी।

इसके बाद एक छोर से लगातार विकेट गिरने लगे। केएल राहुल ने दूसरे छोर पर मोर्चा संभाले रखा, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का अपेक्षित साथ नहीं मिला। आखिरी 28 गेंदों के भीतर भारत ने तीन विकेट गंवा दिए। यही वजह रही कि आसान दिखाई दे रहा लक्ष्य भी टीम के लिए चुनौती बन गया।

बारिश से मिला जीवनदान

मुकाबले में भारतीय टीम लक्ष्य से 22 रन पीछे थी, तभी बारिश ने खेल रोक दिया। इसके बाद दोबारा मुकाबला शुरू नहीं हो सका। अंत में डीएलएस पद्धति के आधार पर भारत को 4 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।

पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था और भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। ऐसे में बारिश के कारण मैच रुकने से भारतीय टीम को जीत मिल गई। हालांकि कप्तान गिल जानते हैं कि टीम को इस प्रदर्शन से सीख लेने की जरूरत है।

गुरनूर के प्रदर्शन से खुश

इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाज गुरनूर बराड़ ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने 10 ओवर के स्पेल में महज 30 रन देकर न्यूजीलैंड के चार बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

गुरनूर लगातार अपनी गेंदबाजी से प्रभावित कर रहे हैं। उनकी रफ्तार और उछाल बल्लेबाजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कप्तान शुभमन गिल भी उनके प्रदर्शन से काफी प्रभावित नजर आए।

गिल ने क्या कहा?

गुरनूर की तारीफ करते हुए गिल ने कहा कि उन्होंने पिछले मुकाबले में भी अच्छा प्रदर्शन किया था और लगातार बेहतर गेंदबाजी कर रहे हैं। कप्तान को उम्मीद है कि उन्हें आने वाले मैचों में खेलने के ज्यादा मौके मिलेंगे, जिससे वह अनुभव हासिल कर सकेंगे।

गिल ने कहा कि गुरनूर के पास अच्छी गति और उछाल है। अब उनके लिए सबसे जरूरी चीज गेंदबाजी में नियंत्रण हासिल करना है। लाइन और लेंथ पर बेहतर पकड़ बनने से वह और प्रभावी गेंदबाज बन सकते हैं।

Exit mobile version