Site icon News1India

ICC women World Cup:महिला टीम बनी वर्ल्ड चैंपियन पूरे देश में जश्न,नीता अंबानी का भावुक संदेश

India women world cup victory celebration

 India women world cup victory celebration: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार की रात नया इतिहास बना दिया। नवी मुंबई के डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला आईसीसी महिला विश्व कप खिताब जीत लिया। इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक पल की साक्षी बनीं रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी, जिन्होंने टीम को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे देश को गर्व से भर दिया है।

नीता अंबानी का भावुक संदेश

मैच के बाद नीता अंबानी ने कहा,आधी रात के इस ऐतिहासिक पल में, हमारी बेटियों ने पहला आईसीसी वर्ल्ड चैंपियनशिप जीतकर इतिहास बना दिया। आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। आपने साहस, भरोसा और आत्मविश्वास से खेल दिखाया। हम सभी आप पर गर्व करते हैं। धन्यवाद, धन्यवाद और जय हिंद।

उनके इस बयान ने करोड़ों भारतीयों के दिलों को छू लिया और खिलाड़ियों का हौसला और भी बढ़ा दिया।

मैच का रोमांचक सफर

बारिश के कारण मैच में थोड़ी देरी जरूर हुई, लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने बेहतरीन शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 106 रनों की साझेदारी की। मंधाना 45 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि शेफाली ने 87 रनों की दमदार पारी खेली। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 24 रन जोड़े। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 29 गेंदों पर 20 रन बनाए।दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष ने आखिरी ओवरों में टीम की पारी को संभाला। दीप्ति ने 58 रन बनाए और घोष ने तेज़ 34 रन की पारी खेली। टीम इंडिया ने निर्धारित ओवरों में 250 से अधिक रन बनाए।

दीप्ति और शेफाली का ऑलराउंड प्रदर्शन

बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी भारतीय टीम का जलवा देखने को मिला। शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी की और अफ्रीका की बल्लेबाज़ी को शुरू से ही दबाव में रखा। दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर कई अहम विकेट लिए, जिससे दक्षिण अफ्रीका की टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और अंत में 52 रनों से मैच हार गई।

महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल

यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के लिए मील का पत्थर साबित हुई है। टीम ने दिखा दिया कि अगर जज़्बा और मेहनत हो, तो कोई मंज़िल दूर नहीं। यह जीत आने वाले समय में कई नई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

Exit mobile version