Site icon News1India

Historic Win: वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत, पीएम मोदी ने दी बधाई,सीएम योगी ने जताई खुशी

India won T20 World Cup 2026 final

T20 World Cup Final:टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित हुआ। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन अंत में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हरा दिया।

भारत ने रचा नया इतिहास

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। साथ ही भारत तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली दुनिया की पहली टीम भी बन गई है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे देश में खुशी का माहौल है।

दोनों टीमों की कप्तानी

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे थे, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर के हाथों में थी। फाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने हर विभाग में बेहतरीन खेल दिखाया, जिससे न्यूजीलैंड की टीम दबाव में आ गई।

पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत की शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को बहुत-बहुत बधाई। यह जीत खिलाड़ियों के बेहतरीन कौशल, मेहनत और टीमवर्क को दिखाती है। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने शानदार धैर्य और आत्मविश्वास दिखाया है। इस जीत से हर भारतीय का दिल गर्व से भर गया है। शाबाश टीम इंडिया।”

सीएम योगी ने भी जताई खुशी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जयतु भारतम्! आज फिर आसमान तिरंगे के रंग में रंग गया। 145 करोड़ भारतीयों को इस ऐतिहासिक जीत की हार्दिक बधाई। विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम को दिल से अभिनंदन।”

विधानसभा अध्यक्ष की प्रतिक्रिया

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने भी टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा कि टी20 विश्व कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन कर भारत ने पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया है। यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का पल है।
देशभर में जश्न का माहौल
भारत की जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के कई शहरों में क्रिकेट प्रेमी सड़कों पर उतर आए और जीत का जश्न मनाया।

प्रयागराज में उमड़ा जनसैलाब

प्रयागराज में सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर से लेकर सुभाष चौराहे तक हजारों युवा तिरंगा लेकर सड़कों पर निकल आए। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा शहर एक साथ खुशी मना रहा हो।

यूपी के शहरों में उत्सव

लखनऊ, कानपुर, आगरा, अलीगढ़, मेरठ और नोएडा जैसे शहरों में भी लोगों ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया की जीत का जश्न मनाया।

Exit mobile version