News1India

Justin Greaves: 150 साल के क्रिकेट में पहली बार जस्टिन ग्रीव्स ने ऐतिहासिक गेंदबाजी कर बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड

Five Wicket Maiden: टेस्ट क्रिकेट के करीब 150 साल के इतिहास में ऐसा कारनामा पहले कभी देखने को नहीं मिला था। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जस्टिन ग्रीव्स ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए लगातार पांच ओवर मेडेन डाले और हर ओवर में एक-एक विकेट हासिल किया। यानी इन पांचों ओवरों में बल्लेबाज एक भी रन नहीं बना सके और हर ओवर में एक विकेट गिरा। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ग्रीव्स ने टेस्ट क्रिकेट में नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। इससे पहले लगातार चार विकेट-मेडन ओवर डालने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम था।

पाकिस्तान पर बरपा कहर

वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच त्रिनिदाद में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। मैच के तीसरे दिन पाकिस्तान की पारी में विकेटों का पतझड़ देखने को मिला। इसी दौरान जस्टिन ग्रीव्स ने अपनी घातक गेंदबाजी से पाकिस्तान के बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। उन्होंने पारी का 64वां ओवर डाला और आखिरी गेंद पर शतक लगा चुके शान मसूद को आउट कर दिया। इसके बाद 66वें ओवर की दूसरी गेंद पर आमिर जमाल को पवेलियन भेजा। ग्रीव्स का कहर यहीं नहीं रुका और उन्होंने अगले स्पेल में भी लगातार विकेट चटकाए।

पांच ओवर में पांच विकेट

जस्टिन ग्रीव्स ने 68वें ओवर में अली उस्मान को तीसरी गेंद पर आउट किया। इसके बाद 70वें ओवर में मोहम्मद रिजवान उनकी गेंद का शिकार बने। रिजवान का विकेट ग्रीव्स ने ओवर की चौथी गेंद पर हासिल किया। इसके बाद टी ब्रेक हुआ, लेकिन ब्रेक के बाद मैदान पर लौटते ही ग्रीव्स ने फिर अपना कमाल दिखाया। 72वें ओवर में उन्होंने मोहम्मद अब्बास को आउट कर दिया। इस विकेट के साथ ही उन्होंने लगातार पांच विकेट-मेडन ओवर पूरे कर लिए और टेस्ट क्रिकेट में ऐसा करने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए।

ब्रॉड का रिकॉर्ड टूटा

ग्रीव्स की इस उपलब्धि ने इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ब्रॉड ने जनवरी 2016 में जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार चार विकेट-मेडन ओवर डालने का कारनामा किया था। करीब एक दशक तक यह रिकॉर्ड कायम रहा, लेकिन अब जस्टिन ग्रीव्स ने पांच लगातार विकेट-मेडन ओवर डालकर इसे अपने नाम कर लिया है। उनकी इस ऐतिहासिक गेंदबाजी ने वेस्टइंडीज के क्रिकेट फैंस को जश्न मनाने का बड़ा मौका दिया है।

हाथ से फिसलता मुकाबला

हालांकि, जस्टिन ग्रीव्स के इस शानदार प्रदर्शन का वेस्टइंडीज की टीम को उतना फायदा नहीं मिल सका, जितनी उम्मीद की जा रही थी। दूसरी पारी में खुद कैरेबियाई टीम मुश्किल में फंस गई। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज की बढ़त भी सिर्फ 155 रन की थी। ऐसे में जस्टिन ग्रीव्स का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनने के बावजूद मैच पर पाकिस्तान की पकड़ मजबूत होती दिखाई दे रही है। अब मुकाबले का नतीजा आने वाले दिनों में दोनों टीमों की गेंदबाजी और बल्लेबाजी पर निर्भर करेगा।

Exit mobile version