वनडे क्रिकेट में ट्राई सीरीज की वापसी होने जा रही है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऐलान किया है कि पाकिस्तान अक्टूबर और नवंबर में श्रीलंका और इंग्लैंड की मेजबानी करेगा। इस दौरान तीनों देशों के बीच वनडे ट्राई सीरीज खेली जाएगी, जिसे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए अहम माना जा रहा है।
पहले पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होगी टी20 सीरीज
श्रीलंका सबसे पहले पाकिस्तान का दौरा करेगा। दोनों टीमों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। तीनों मुकाबले रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होंगे। ये मैच 9, 11 और 13 अक्टूबर को खेले जाने हैं।
इसके बाद इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान पहुंचेगी। फिर पाकिस्तान, इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच वनडे ट्राई सीरीज शुरू होगी। इसमें हर टीम दूसरी दोनों टीमों के खिलाफ दो-दो मैच खेलेगी। इसके बाद अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहने वाली टीमें फाइनल में आमने-सामने होंगी।
वनडे ट्राई सीरीज का पूरा कार्यक्रम
ट्राई सीरीज का पहला मुकाबला 18 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेला जाएगा। 20 अक्टूबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड की टीमें भिड़ेंगी। इसके बाद 22 अक्टूबर को श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा।
इसके बाद सीरीज लाहौर पहुंचेगी। 25 अक्टूबर को पाकिस्तान और इंग्लैंड, 27 अक्टूबर को पाकिस्तान और श्रीलंका, जबकि 29 अक्टूबर को श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मैच होगा। ट्राई सीरीज का फाइनल 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।
ट्राई सीरीज के बाद टेस्ट में आमने-सामने होंगे पाकिस्तान-श्रीलंका
वनडे सीरीज खत्म होने के बाद श्रीलंका पाकिस्तान में ही रहेगा। दोनों देशों के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी, जो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी।
टेस्ट सीरीज से पहले श्रीलंका की टीम 4 से 6 नवंबर तक तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। पहला टेस्ट 9 से 13 नवंबर तक रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में होगा। दूसरा टेस्ट 17 से 21 नवंबर तक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।
ट्राई सीरीज की वापसी से खुश क्रिकेट फैंस
वनडे क्रिकेट में ट्राई सीरीज की वापसी को फैंस के लिए अच्छी खबर माना जा रहा है। इस तरह के मुकाबलों से टीमों को बड़े टूर्नामेंट से पहले अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को परखने का मौका मिलता है।
कुछ भारतीय क्रिकेट फैंस का मानना है कि वर्ल्ड कप से पहले भारत को भी ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों के साथ ट्राई सीरीज खेलनी चाहिए। इससे बड़े टूर्नामेंट की तैयारी और बेहतर हो सकती है।
