Viral Instagram post: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी सगाई नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ ऐसे संकेत हैं, जिन्होंने दोनों के रिश्ते को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आकृति की हालिया इंस्टाग्राम गतिविधियों के बाद फैंस अलग-अलग तरह के कयास लगा रहे हैं।
तस्वीरें हटाने के बाद शुरू हुई चर्चा
पृथ्वी शॉ और आकृति अग्रवाल ने मार्च 2026 में सगाई की थी। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की गई थीं। लेकिन अब आकृति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सगाई की सभी तस्वीरें हटा दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने पृथ्वी शॉ को अनफॉलो भी कर दिया है। इन दोनों कदमों के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि शायद दोनों के रिश्ते में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा।
भावुक स्टोरी ने खींचा ध्यान
चर्चा उस समय और बढ़ गई, जब आकृति अग्रवाल ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टोरी साझा की। उन्होंने लिखा, “मुझे कई बार धोखा मिला, फिर भी मैंने कभी एक शब्द नहीं कहा। लेकिन एक कदम आगे बढ़ाने के बाद भी ऐसा होगा, इस पर अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है।” इसके बाद उन्होंने एक और बात लिखी, “हर एक अफवाह सच है। सोशल मीडिया पर उनके बारे में आप जो कुछ भी देख रहे हैं, वह सब सच है।” इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की बातें शुरू कर दीं।
क्या सगाई टूट गई है?
आकृति की इस स्टोरी के बाद कई लोग मान रहे हैं कि दोनों की सगाई टूट चुकी है। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, आकृति की ओर से लगाए गए संकेतों और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर पृथ्वी शॉ ने भी अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।
टीम इंडिया से बाहर हैं पृथ्वी शॉ
पृथ्वी शॉ भारतीय क्रिकेट के प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को अंडर-19 विश्व कप का खिताब दिलाया था। इसके अलावा वह सचिन तेंदुलकर के बाद टेस्ट डेब्यू में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज भी हैं।
हालांकि, पिछले कुछ वर्षों से खराब फॉर्म और फिटनेस की वजह से वह टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने अब तक भारत के लिए 5 टेस्ट, 6 वनडे और 1 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला है।
कौन हैं आकृति अग्रवाल?
आकृति अग्रवाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रहने वाली हैं। वह एक जानी-मानी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और एक्ट्रेस हैं। उन्होंने मुंबई से अपनी पढ़ाई पूरी की है। इंस्टाग्राम पर उनके 3 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इसके अलावा वह तेलुगू फिल्म ‘त्रिमुख’ में भी नजर आ चुकी हैं। फिलहाल दोनों के रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं जरूर हो रही हैं, लेकिन जब तक दोनों में से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आता, तब तक इन बातों की पुष्टि नहीं की जा सकती।
