Site icon News1India

RCB vs GT Qualifier, कौन जीतेगा फाइनल का टिकट, आरसीबी और गुजरात की टक्कर पर दीप दासगुप्ता की बड़ी भविष्यवाणी

आईपीएल 2026 का रोमांच अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। क्वालिफायर मुकाबले में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। इस बड़े मैच से पहले भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज और मशहूर कमेंटेटर दीप दासगुप्ता ने एक ऐसी भविष्यवाणी की है, जिसने क्रिकेट फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है। दीप दासगुप्ता का मानना है कि यह मुकाबला सिर्फ फाइनल का टिकट तय नहीं करेगा, बल्कि जो भी टीम आज जीत हासिल करेगी, वही आईपीएल 2026 की ट्रॉफी भी अपने नाम करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों टीमों का प्रदर्शन पूरे सीजन में शानदार रहा है, लेकिन इस मुकाबले में शुरुआत सबसे ज्यादा अहम रहने वाली है।

शुरुआती 6 ओवर पर रहेगी सबकी नजर

जियोहॉटस्टार पर बातचीत के दौरान दीप दासगुप्ता ने कहा कि धर्मशाला की पिच पर पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर मैच का पूरा रुख बदल सकते हैं। उनके मुताबिक, गुजरात टाइटंस के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों और आरसीबी के तेज गेंदबाजों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड नई गेंद से आरसीबी के सबसे बड़े हथियार साबित हो सकते हैं। वहीं दूसरी तरफ शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने पिछले मुकाबलों में हेजलवुड के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी की थी।

दीप दासगुप्ता ने कहा, “अगर आरसीबी शुरुआती विकेट निकालने में सफल रहती है तो गुजरात दबाव में आ सकती है। वहीं अगर गुजरात के बल्लेबाज पावरप्ले में टिक गए तो मैच उनकी पकड़ में जा सकता है।”

दोनों टीमों का लीग स्टेज में शानदार प्रदर्शन

इस सीजन लीग स्टेज में दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाया। आरसीबी और गुजरात, दोनों ने 14 में से 9 मुकाबले जीते और 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाई। हालांकि बेहतर नेट रन रेट के चलते आरसीबी अंक तालिका में पहले स्थान पर रही, जबकि गुजरात दूसरे नंबर पर पहुंची।

गुजरात टाइटंस ने अपने आखिरी लीग मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हराकर जोरदार जीत दर्ज की थी। इस जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है। दूसरी ओर आरसीबी को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 55 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में टीम वापसी के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

अब फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या शुभमन गिल का बल्ला फिर चमकेगा या फिर भुवनेश्वर और हेजलवुड की घातक गेंदबाजी गुजरात के बल्लेबाजों को रोक देगी। क्रिकेट प्रेमियों को आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Exit mobile version