RCB Wins IPL Trophy: विराट की दमदार पारी, गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन, बेंगलुरु ने गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा खिताब जीत लिया। विराट कोहली की नाबाद अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

RCB Wins IPL Trophy For Second Consecutive Time: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। टीम ने लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की और आईपीएल इतिहास में ऐसा करने वाली तीसरी टीम बन गई। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने 2010 और 2011 में लगातार दो बार खिताब जीता था। वहीं मुंबई इंडियंस ने 2019 और 2020 में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब आरसीबी का नाम भी इस खास सूची में शामिल हो गया है।

गेंदबाजों ने रखी जीत की नींव

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान रजत पाटीदार का यह निर्णय बिल्कुल सही साबित हुआ। बेंगलुरु के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी को पूरी तरह बांध दिया। धीमी पिच पर गुजरात के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके और टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर सिर्फ 155 रन ही बना पाई।

सुंदर ने अकेले किया संघर्ष

गुजरात की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा संघर्ष किया। उन्होंने 37 गेंदों में 50 रन की अहम पारी खेली। हालांकि दूसरे बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सके। कप्तान शुभमन गिल केवल 10 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि साई सुदर्शन भी 12 रन ही बना सके। दोनों बल्लेबाजों से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन फाइनल में उनका बल्ला नहीं चला।

आरसीबी की तेज शुरुआत

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत शानदार रही। विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। टीम ने केवल 3.3 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए। वेंकटेश अय्यर 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि देवदत्त पडिक्कल सिर्फ 1 रन ही बना सके।

राशिद ने दिलाई गुजरात को उम्मीद

गुजरात की ओर से राशिद खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ही ओवर में रजत पाटीदार और क्रुणाल पांड्या को आउट कर मुकाबले में थोड़ी वापसी कराई। इसके बावजूद आरसीबी पर ज्यादा दबाव नहीं बना, क्योंकि विराट कोहली दूसरे छोर पर मजबूती से टिके हुए थे।

विराट ने खेली मैच जिताऊ पारी

विराट कोहली ने फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पूरे मैच में संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाया। विराट 42 गेंदों पर 75 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

दूसरी बार बनी चैंपियन

बेंगलुरु ने पांच विकेट से मुकाबला जीतकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। टीम की इस जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों का अहम योगदान रहा। विराट कोहली ने फाइनल में अपनी शानदार बल्लेबाजी से एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव टीम के लिए कितना महत्वपूर्ण है। आरसीबी के प्रशंसकों के लिए यह जीत लंबे समय तक यादगार रहने वाली है।

Exit mobile version