Rinku Singh inspirational journey : भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह आज अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनका सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा। एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने क्रिकेट का सपना छोड़ने का मन बना लिया था और नौकरी करने का फैसला कर लिया था। पढ़ाई ज्यादा न होने की वजह से उन्हें झाड़ू लगाने की नौकरी तक करनी पड़ी। लेकिन किस्मत ने करवट ली और आज रिंकू सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं।
साधारण परिवार से ताल्लुक
रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हुआ था। उनके पिता खानचंद्र सिंह एलपीजी सिलेंडर की डिलीवरी करते थे और मां वीना देवी एक गृहिणी हैं। रिंकू के परिवार में एक भाई जीतू सिंह और बहन नेहा सिंह हैं। उन्होंने सिर्फ 9वीं तक की पढ़ाई की है। कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण उन्हें कम उम्र में ही नौकरी की तलाश करनी पड़ी थी।
आईपीएल से चमकी किस्मत
साल 2018 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रिंकू सिंह को 80 लाख रुपये में खरीदा। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। आईपीएल 2022 में भले ही उन्हें सिर्फ 55 लाख रुपये में खरीदा गया था, लेकिन 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक ओवर में पांच छक्के मारकर वह रातों-रात स्टार बन गए। इसके बाद 2025 के आईपीएल में केकेआर ने उन्हें 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया।
आज करोड़ों की संपत्ति के मालिक
रिंकू सिंह की कुल संपत्ति आज करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जाती है। उनकी कमाई का जरिया आईपीएल की फीस, बीसीसीआई का कॉन्ट्रैक्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट हैं।
शौक और लाइफस्टाइल
रिंकू सिंह को महंगी कारों का भी शौक है। उनके पास Ford Endeavour, Toyota Innova और Mahindra Scorpio-N जैसी गाड़ियां हैं। 2 नवंबर 2024 को उन्होंने अलीगढ़ में एक शानदार नया घर भी लिया जिसकी कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये है।
80 लाख से 13 करोड़ तक का सफर
आईपीएल में शुरुआत 80 लाख रुपये से करने वाले रिंकू सिंह ने मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की बदौलत खुद को साबित किया। अब वह 13 करोड़ रुपये की कीमत पर खेलते हैं और देशभर में उनके फैन हैं।