भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को रिंकू सिंह की मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। परिवार ने उन्हें शादी का निमंत्रण कार्ड सौंपकर समारोह में शामिल होने का आग्रह किया।
एक्स पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुलाकात की जानकारी अपने एक्स हैंडल पर साझा की। उन्होंने लिखा कि लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की माता बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान वसीम मिर्जा भी मौजूद रहे।
कौन हैं प्रिया सरोज
रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि प्रिया सरोज मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद हैं। उनके पिता तूफानी सरोज भी राजनीति में सक्रिय हैं और वर्तमान में सपा विधायक हैं। दोनों की शादी की चर्चा करीब डेढ़ साल से चल रही है।
पिछले साल हुई सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी। इस समारोह में राजनीति और खेल जगत की कई हस्तियां शामिल हुई थीं। इसके बाद दोनों की शादी को लेकर तैयारियां शुरू हुई थीं।
दो बार टली शादी
पहले दोनों की शादी नवंबर 2025 में होने की चर्चा थी, लेकिन क्रिकेट मैचों के कार्यक्रम के कारण तारीख आगे बढ़ा दी गई। इसके बाद फरवरी 2026 में शादी की तैयारी थी। इसी दौरान रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह का निधन हो गया, जिसके चलते परिवार ने कार्यक्रम टाल दिया। अब दोनों परिवारों ने 4 दिसंबर 2026 को शादी की तारीख तय की है।

























