Rohit Sharma sixes record: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को दुनिया के सबसे विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाजों में गिना जाता है। अपनी शानदार बल्लेबाजी और लंबे-लंबे छक्कों की वजह से उन्हें ‘हिटमैन’ कहा जाता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। उनमें से एक रिकॉर्ड ऐसा है, जिसे तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद मुश्किल माना जाता है।
छक्कों के बादशाह हैं रोहित
रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में कुल 653 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी खिलाड़ी द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा आंकड़ा है। उनकी बल्लेबाजी का अंदाज हमेशा आक्रामक रहा है और उन्होंने दुनिया के लगभग हर बड़े क्रिकेट मैदान पर गेंदबाजों को जमकर परेशान किया है। छक्कों की सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल हैं। गेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 553 छक्के लगाए थे। वहीं, वनडे क्रिकेट में भी सबसे ज्यादा 363 छक्के लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज है।
टी20 में भी नंबर वन
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी रोहित शर्मा का दबदबा देखने को मिलता है। वह इस फॉर्मेट में 205 छक्के लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। उनकी यही ताकत उन्हें सीमित ओवरों के क्रिकेट का सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनाती है।
इस टीम के खिलाफ नहीं लगा पाए छक्का
रोहित शर्मा ने अपने करियर में लगभग सभी बड़ी टीमों के खिलाफ खूब छक्के लगाए हैं, लेकिन एक टीम ऐसी भी है जिसके खिलाफ वह एक भी छक्का नहीं जड़ सके। यह टीम है संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए)। साल 2024 में रोहित शर्मा ने यूएसए के खिलाफ अपना पहला और अब तक का एकमात्र अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। इस मैच में उन्होंने सिर्फ 6 गेंदों का सामना किया और 3 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस छोटी पारी में न तो कोई चौका आया और न ही कोई छक्का। यही वजह है कि यूएसए आज भी ऐसी एकमात्र टीम बनी हुई है, जिसके खिलाफ रोहित के नाम एक भी सिक्स दर्ज नहीं है।
किन टीमों के खिलाफ लगाए सबसे ज्यादा छक्के?
अगर रोहित शर्मा के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाए हैं। कंगारू टीम के खिलाफ खेले गए 87 मैचों की 96 पारियों में उन्होंने 138 छक्के जड़े हैं। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ उनके बल्ले से 88 छक्के निकले हैं। श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 86 छक्के लगाए हैं, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ 83 बार गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया है।
प्रमुख टीमों के खिलाफ रोहित के छक्के
ऑस्ट्रेलिया – 138 छक्के
वेस्टइंडीज – 88 छक्के
श्रीलंका – 86 छक्के
न्यूजीलैंड – 83 छक्के
दक्षिण अफ्रीका – 64 छक्के
इंग्लैंड – 55 छक्के
बांग्लादेश – 53 छक्के
अफगानिस्तान – 22 छक्के
