Team Selection:श्रीलंका टेस्ट सीरीज मैं फिर नजरअंदाज किया गया कौन सा खिलाड़ी, लगातार शानदार प्रदर्शन के बावजूद नहीं मिला मौका

श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की भारतीय टीम में सरफराज खान को जगह नहीं मिली। घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड, लगातार रन और बेहतर फिटनेस के बावजूद उनकी टीम में वापसी नहीं हो सकी।

Team Selection: श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। 15 खिलाड़ियों वाली इस टीम में एक ऐसा नाम गायब है, जिसकी वापसी की उम्मीद क्रिकेट फैन्स को थी। यह नाम किसी और का नहीं बल्कि सरफराज खान का है। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के कारण उन्हें ‘इंडियन ब्रैडमैन’ तक कहा जाता है, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टेस्ट टीम में शामिल नहीं किया।

वापसी का इंतजार जारी

सरफराज खान लंबे समय से भारतीय टेस्ट टीम में वापसी का इंतजार कर रहे हैं। 2024 के आखिर से वह राष्ट्रीय टीम से बाहर हैं। टीम इंडिया में शानदार एंट्री करने के बावजूद वह मिडिल ऑर्डर में अपनी जगह स्थायी रूप से पक्की नहीं कर सके। अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम बदलाव के दौर से गुजर रही है, लेकिन इस बदलाव के बीच भी सरफराज को मौका नहीं दिया गया है। इससे उनके फैन्स और क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच चयन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

रणजी में फिर बरसे रन

सरफराज खान ने घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी का दम लगातार दिखाया है। 2025-26 रणजी ट्रॉफी में उन्होंने सात मैचों में 53.62 की औसत से 429 रन बनाए। इससे पहले भी उनके शानदार प्रदर्शन ने उन्हें घरेलू क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल किया था। वहीं 62 फर्स्ट क्लास मैचों में सरफराज के नाम 5114 रन दर्ज हैं। ऐसे आंकड़ों के बावजूद टेस्ट टीम में जगह नहीं मिलना उनके लिए निराशाजनक माना जा रहा है।

फिटनेस पर भी किया काम

भारतीय टीम में रहते हुए सरफराज खान की फिटनेस को लेकर काफी चर्चा हुई थी। टीम से बाहर होने के बाद उन्होंने इस पहलू पर भी गंभीरता से काम किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने करीब दो महीने के दौरान 17 किलो वजन कम किया और अपनी फिटनेस में बड़ा सुधार किया। अब वह पहले के मुकाबले काफी स्लिम और फिट नजर आते हैं। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें टीम में शामिल नहीं किया।

स्पिन के खिलाफ बड़ा हथियार

सरफराज खान की सबसे बड़ी खूबियों में से एक स्पिन गेंदबाजी को खेलने की उनकी क्षमता भी मानी जाती है। वह स्वीप और आक्रामक शॉट्स के जरिए स्पिन गेंदबाजों पर दबाव बनाने में माहिर हैं। ऐसे समय में जब भारतीय बल्लेबाजों के स्पिन के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं, सरफराज टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते थे। खासकर उपमहाद्वीप की परिस्थितियों में उनका आक्रामक अंदाज टीम को अतिरिक्त मजबूती दे सकता था।

चयन पर उठे सवाल

लगातार घरेलू क्रिकेट में रन बनाने, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में मजबूत रिकॉर्ड रखने और अपनी फिटनेस पर काम करने के बावजूद सरफराज को टेस्ट टीम में जगह नहीं मिली है। उनके समर्थकों का मानना है कि उन्हें एक और मौका मिलना चाहिए था। हालांकि, चयनकर्ताओं ने श्रीलंका सीरीज के लिए अलग रणनीति अपनाई है। ऐसे में अब सरफराज की नजरें घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और अगले मौके का इंतजार करने पर होंगी।

Exit mobile version