IPL Record: छोटी उम्र का बड़ा खिलाड़ी किस बल्लेबाज ने मचाया तहलका, 16 गेंदों में फिफ्टी ठोक तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड

राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में 16 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इतिहास रच दिया। उन्होंने सुरेश रैना और क्रिस गेल जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के बड़े रिकॉर्ड भी तोड़ दिए।

Vaibhav Suryavanshi IPL Record: राजस्थान रॉयल्स के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में ऐसा धमाका किया, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड बुक हिला दी। उन्होंने महज 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर आईपीएल प्लेऑफ इतिहास के सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया।

वैभव ने अपनी विस्फोटक पारी में 2 चौके और 9 लंबे छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस भी हैरान रह गए।

सुरेश रैना के रिकॉर्ड की बराबरी

वैभव सूर्यवंशी ने इस पारी के साथ चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्टार बल्लेबाज सुरेश रैना के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। रैना ने साल 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 16 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। अब वैभव ने भी वही कारनामा दोहरा दिया।
आईपीएल नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब वैभव और रैना संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं।

क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी टूटा

वैभव ने सिर्फ तेज फिफ्टी ही नहीं लगाई, बल्कि आईपीएल का एक और बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। अपनी पारी के दौरान उन्होंने जैसे ही सातवां छक्का लगाया, वैसे ही वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए।।उन्होंने इस सीजन में 60 छक्के पूरे कर लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2014 में 59 छक्के लगाए थे।

पैट कमिंस को भी नहीं छोड़ा

वैभव शुरुआत से ही बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस के ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर अपने इरादे साफ कर दिए।

इसके बाद उन्होंने किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और मैदान के हर हिस्से में बड़े शॉट लगाए। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और आक्रामकता साफ दिखाई दे रही थी।

कई खास रिकॉर्ड किए अपने नाम

वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में 20 गेंद से कम में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी शामिल हो गए हैं। उनके नाम अब 5 बार यह उपलब्धि दर्ज हो चुकी है।

इसके अलावा पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उन्होंने अपने नाम कर लिया। हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने पावरप्ले में 8 छक्के लगाए, जो आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा हैं।

क्रिकेट जगत में बढ़ी चर्चा

इतनी कम उम्र में वैभव सूर्यवंशी की इस धमाकेदार बल्लेबाजी ने क्रिकेट एक्सपर्ट्स और फैंस को प्रभावित किया है। अब उन्हें भविष्य का बड़ा स्टार माना जा रहा है। राजस्थान रॉयल्स की इस जीत में उनकी पारी सबसे बड़ा कारण बनी।

Exit mobile version