Site icon News1India

Vaibhav Suryavanshi Controversy: खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की, क्या वैभव, तिलक वर्मा पर हो सकती है कार्रवाई

Vaibhav Suryavanshi Controversy: भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेले गए मुकाबले के बाद मैदान पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। मैच समाप्त होने के बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ियों ने जीत का जश्न काफी आक्रामक अंदाज में मनाया। बताया जा रहा है कि कुछ खिलाड़ी भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के सामने जोर-जोर से जश्न मनाने लगे।

यह बात वैभव सूर्यवंशी को पसंद नहीं आई और वह नाराज हो गए। इसके बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि वैभव ने एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का दिया, जिसके जवाब में दूसरे खिलाड़ी ने भी उन्हें धक्का मार दिया। बाद में दोनों टीमों के खिलाड़ियों और अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

क्या हो सकती है कार्रवाई?

क्रिकेट में खिलाड़ियों के बीच शारीरिक टकराव को गंभीर माना जाता है। आईसीसी की आचार संहिता के तहत इस तरह के व्यवहार पर जुर्माना, चेतावनी या निलंबन जैसी सजा दी जा सकती है। यदि घटना को मामूली धक्का-मुक्की माना जाता है, तो खिलाड़ी को चेतावनी, मैच फीस में कटौती और डीमेरिट अंक दिए जा सकते हैं। वहीं अगर इसे जानबूझकर किया गया अनुचित व्यवहार माना गया, तो खिलाड़ी पर अतिरिक्त डीमेरिट अंक लग सकते हैं और कुछ मैचों का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला मैच रेफरी और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वैभव सूर्यवंशी पर किस स्तर की कार्रवाई होगी।

तिलक वर्मा भी दिखे नाराज

मैच के दौरान सिर्फ वैभव सूर्यवंशी ही नहीं, बल्कि भारत ए के कप्तान तिलक वर्मा भी चर्चा में रहे। मैच टाई होने के बाद वह अंपायरों से बहस करते नजर आए। रिपोर्ट्स के अनुसार, मैच का निर्धारित समय समाप्त हो चुका था और सुपर ओवर को लेकर चर्चा चल रही थी। तिलक वर्मा सुपर ओवर कराने के पक्ष में थे। इसके बाद सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर भी विवाद हुआ। भारतीय टीम का मानना था कि गेंद नो-बॉल थी, लेकिन शुरुआत में अंपायरों ने ऐसा नहीं माना। बाद में फैसला बदला गया, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया। इस दौरान तिलक वर्मा फिर अंपायरों से बातचीत और बहस करते दिखाई दिए।

फाइनल की राह हुई मुश्किल

ट्राई सीरीज में भारत ए का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम पहले अफगानिस्तान ए के खिलाफ मुकाबला हार चुकी थी। इसके बाद श्रीलंका ए के खिलाफ भी उसे हार का सामना करना पड़ा। तीन मैचों में से दो मुकाबले गंवाने के बाद अब भारत ए की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें आखिरी मैच पर टिकी हैं। टीम को 17 जून को दांबुला में खेले जाने वाले मुकाबले में अफगानिस्तान ए को हर हाल में हराना होगा। तभी फाइनल में पहुंचने की संभावना बनी रहेगी।

Exit mobile version