Site icon News1India

Vaibhav vs Jofra : वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर की रोमांचक टक्कर, छक्के खाने के बाद किसने तेज गेंद पर किया युवा बल्लेबाज का शिकार

Vaibhav Suryavanshi vs Jofra Archer: भारत के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर के बीच टी20 सीरीज में शानदार मुकाबला देखने को मिल रहा है। आईपीएल में एक ही टीम का हिस्सा रह चुके दोनों खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आमने-सामने हैं। लगातार दूसरे मैच में वैभव ने आर्चर की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन इंग्लिश तेज गेंदबाज ने भी शानदार वापसी करते हुए उन्हें तेज बाउंसर पर आउट कर दिया।

शुरुआत में दिखाया आक्रामक अंदाज

वैभव सूर्यवंशी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखते ही निडर बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। मैनचेस्टर में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने अपने डेब्यू मैच के दौरान जोफ्रा आर्चर की गेंद पर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का लगाया था। हालांकि उस मैच में वह 10 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हो गए थे।

तीसरे टी20 मैच में भी वैभव ने वही आत्मविश्वास दिखाया। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने आर्चर की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद जोश टंग की गेंद पर भी बड़ा शॉट लगाकर उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए।

आर्चर ने तेज बाउंसर से किया पलटवार

वैभव की तेज शुरुआत ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। जोफ्रा आर्चर ने करीब 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शॉर्ट पिच गेंद फेंकी। वैभव ने हुक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों में चली गई। इस तरह आर्चर ने लगातार दूसरे मुकाबले में छक्का खाने के बाद विकेट लेकर शानदार जवाब दिया।

मैच के बाद आर्चर ने क्या कहा?

इस मुकाबले में जोफ्रा आर्चर ने वैभव सूर्यवंशी के अलावा श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल का विकेट भी लिया। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

मैच के बाद जब उनसे वैभव के साथ मैदान पर हुई टक्कर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब मुकाबला बराबरी पर है। आर्चर ने कहा कि सीरीज में अभी दो मैच बाकी हैं और आखिर में वही आगे रहेगा, जो बेहतर प्रदर्शन करेगा।

इंग्लैंड ने दर्ज की बड़ी जीत

मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने फिल साल्ट के 70 रन और सैम करन की नाबाद 41 रन की पारी की मदद से 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 76 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से जोफ्रा आर्चर ने तीन और जोश टंग ने चार विकेट लिए। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।

Exit mobile version