Site icon News1India

Fake Doctor Racket: फर्जी मेडिकल डिग्री रैकेट का खुलासा, 11वीं पास युवक दिल्ली में कर रहा था डॉक्टर बनकर इलाज

देश में फर्जी मेडिकल डिग्रियों के जरिए डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करने का बड़ा मामला सामने आया है। जयपुर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने चार राज्यों में फैले फर्जी मेडिकल डिग्री रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह लाखों रुपये लेकर एमबीबीएस, एमडी, गायनेकोलॉजी और डीएमआरडी जैसी फर्जी डिग्रियां तैयार करता था। इतना ही नहीं, इन दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड कराने और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन करवाने की व्यवस्था भी की जाती थी।

इस मामले में सबसे चौंकाने वाला नाम रामकिशोर महावर का है। आरोप है कि 11वीं पास रामकिशोर नकली एमबीबीएस और एमडी डिग्री के आधार पर दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर बनकर प्रैक्टिस कर रहा था।

मुंबई से लखनऊ तक फैला था नेटवर्क

एसओजी ने इस मामले में सत्यजीत पानीग्रही, मनीष मांजी और खुर्रम तौफीक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक, सत्यजीत ग्राहकों से संपर्क कर डिग्रियों का सौदा करता था, जबकि मनीष नकली मार्कशीट और प्रमाणपत्र तैयार करता था। वहीं, लखनऊ से गिरफ्तार खुर्रम तौफीक पर फर्जी दस्तावेज यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की जिम्मेदारी थी।

गिरोह फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों तक पहुंचता था। फर्जी एमबीबीएस और एमडी डिग्री कथित तौर पर करीब 5.5 लाख रुपये में बेची जाती थी।

तीन चरणों में चलता था कारोबार

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह तीन चरणों में काम करता था। पहले ग्राहकों से संपर्क कर डिग्री का सौदा तय किया जाता था। इसके बाद नकली मार्कशीट और प्रमाणपत्र तैयार करके व्हाट्सएप या कूरियर से भेजे जाते थे। अंतिम चरण में दस्तावेजों को यूनिवर्सिटी के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाता था, ताकि वे असली दिखाई दें।

यूपी में भी 41 संदिग्ध आयुर्वेद डॉक्टर मिले

इसी बीच उत्तर प्रदेश में भी फर्जी डिग्रियों के आधार पर प्रैक्टिस करने वाले 41 संदिग्ध आयुर्वेद डॉक्टरों की पहचान की गई है। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी बीएएमएस मार्कशीट, इंटर्नशिप प्रमाणपत्र, डिग्री और एनओसी के आधार पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी तिब्बी मेडिसिन बोर्ड में रजिस्ट्रेशन कराया था।

जांच में श्री कृष्णा गवर्नमेंट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, कुरुक्षेत्र और पंडित भगवत दयाल यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक के नाम पर कथित फर्जी दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। हरियाणा के मेडिकल काउंसिल के नाम पर फर्जी एनओसी इस्तेमाल करने का भी आरोप है।

इन दोनों मामलों ने मेडिकल क्षेत्र में डिग्रियों और रजिस्ट्रेशन के सत्यापन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फर्जी योग्यता के आधार पर इलाज करने वाले लोगों से मरीजों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे में मेडिकल प्रमाणपत्रों की सख्त जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई बेहद जरूरी है।

Exit mobile version