Site icon News1India

Murder Mystery : नदी किनारे घूमने गई IndiGo की एयर होस्टेस की हत्या, दोस्त के बयान से क्यों गहराया शक?

IndiGo Air Hostess Murder: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में वैनगंगा नदी के पास IndiGo एयरलाइंस की 35 वर्षीय विमान परिचारिका वर्षा तुरकर की हत्या का मामला सामने आया है। दवानीवाड़ा थाना क्षेत्र के बोंदरानी (अर्जुनी) गांव के पास जंगल में उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

दिवाली मनाने आई थीं

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वर्षा दिवाली मनाने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के खैरी गांव स्थित अपने मायके आई थीं। उनके साथ तीन साल की बेटी भी थी। 14 नवंबर की शाम वह अपने पुराने परिचित नितेश अग्रवाल के साथ वैनगंगा नदी के पास घूमने गई थीं। कुछ देर बाद नितेश ने परिवार को फोन कर बताया कि अज्ञात लोगों ने लूट की कोशिश के दौरान वर्षा पर चाकू से हमला कर दिया है। परिजन मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ मिलीं।

परिचित से पूछताछ जारी

परिजन वर्षा को खैरलांजी के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नितेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, लूट की घटना को लेकर उनके बयान में कुछ विसंगतियां मिली हैं। जांचकर्ता यह भी पता लगा रहे हैं कि उनके साथ मौजूद नितेश को कोई चोट क्यों नहीं आई और हमलावरों ने केवल वर्षा को ही निशाना क्यों बनाया।

पति की भूमिका की जांच

पुलिस वर्षा के पति समर सैयद की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वर्षा ने 2021 में समर से शादी की थी और दोनों पुणे में रहते थे। दंपति की तीन साल की बेटी है। हालांकि, अभी तक किसी की संलिप्तता साबित नहीं हुई है। वर्षा के पिता ने निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

महाराष्ट्र पुलिस को दस्तावेज

घटना महाराष्ट्र के दवानीवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई थी। मध्य प्रदेश की खैरलांजी पुलिस ने शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 15 नवंबर को संबंधित दस्तावेज महाराष्ट्र पुलिस को सौंप दिए। अब पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच और संबंधित लोगों से पूछताछ कर हत्या की वजह तथा आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

 

 

Exit mobile version