Indore Accident: ड्रंक एंड ड्राइव अभियान हुआ फेल, तेज रफ्तार कार ने दो दोस्तों को कुचला, दोनों की मौत

इंदौर में मरीमाता चौराहे के पास तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर घायल हुए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इंदौर के मरीमाता चौराहे के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घर लौट रहे थे

जानकारी के मुताबिक, सत्यसाईं नगर निवासी राज, पिता रवि सोनेरे और नंदकिशोर सोलंकी रात करीब साढ़े 12 बजे घूमने के बाद अपने घर लौट रहे थे। दोनों दोस्त एक्टिवा से मरीमाता चौराहे के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

कई वाहनों को मारी टक्कर

दोनों युवकों को टक्कर मारने के बाद भी कार चालक ने वाहन नहीं रोका। बेकाबू कार आगे बढ़ती रही और रास्ते में तीन ऑटो रिक्शा और एक ठेले को भी अपनी चपेट में ले लिया। आखिरकार कार रुक गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी। हादसे के बाद आसपास रहने वाले लोग टक्कर की तेज आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए।

लोगों ने चालक पकड़ा

स्थानीय लोगों ने मौके पर कार चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी में बताया जा रहा है कि चालक नशे की हालत में था और काफी तेज गति से कार चला रहा था। हालांकि, नशे की स्थिति और हादसे की पूरी वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिवार को घटना की जानकारी दे दी।

दोनों थे करीबी दोस्त

राज और नंदकिशोर लंबे समय से दोस्त थे और अक्सर साथ रहते थे। राज कारीगर का काम करता था, जबकि नंदकिशोर सब्जी बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हादसे ने एक बार फिर रात में तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है। खास बात यह है कि इंदौर में रात के समय पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच करती है और शनिवार-रविवार को अभियान और तेज रहता है। इसके बावजूद यह हादसा हो गया, जिसमें दो परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया।

Exit mobile version