Lucknow Crime: पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय मानस वाजपेयी गुरुवार को गोमती नगर स्थित अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा के ऑफिस पहुंचा। दिव्या एक निजी बैंक में डिप्टी मैनेजर थीं। बताया जा रहा है कि मानस ने उन्हें ऑफिस के बाहर बुलाया और दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद उसने कथित तौर पर दिव्या को गोली मार दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बहन को गोली मारने के बाद खुदकुशी
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी हुसड़िया इलाके में पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात अपनी 28 वर्षीय बहन शीबा से हुई। पुलिस के मुताबिक, मानस ने बहन को भी गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी। कुछ ही घंटों के भीतर तीन लोगों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई।
12 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि मानस और दिव्या की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी, लेकिन दोनों पिछले एक साल से अधिक समय से अलग रह रहे थे। जानकारी के अनुसार, दिव्या ने पिछले साल तलाक के लिए अर्जी भी दाखिल की थी। पुलिस इस वैवाहिक विवाद को जांच के अहम पहलुओं में शामिल कर रही है।
WhatsApp Status से सामने आया चौंकाने वाला दावा
पुलिस के मुताबिक, खुदकुशी से पहले मानस ने कथित तौर पर WhatsApp Status लगाया था। इसमें उसने पत्नी पर धोखा देने का आरोप लगाया और पत्नी व बहन को मारने की बात लिखी। उसने दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा और एक अन्य व्यक्ति का भी जिक्र किया था। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
घटना की जानकारी सामने आने के बाद दिव्या की बहन प्रज्ञा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उन्हें बहन को गोली मारे जाने की सूचना मिली है। प्रज्ञा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और YouTuber हैं तथा उनके चैनल ‘उल्टा चश्मा UC’ के लाखों सब्सक्राइबर बताए जाते हैं। पुलिस अब हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
