Site icon News1India

Mob Violence : बच्चे को बचाना महिला को पड़ा भारी, चोरी के शक में उल्टा लटकाकर पीटा, वीडियो वायरल होते ही भड़की हिंसा

Mob Violence : लखनऊ के इंदिरानगर क्षेत्र के सुगामऊ में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। करीब 20 से 25 लोगों ने महिला को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। आरोप है कि उसके हाथ-पैर बांधकर उल्टा लटकाया गया और पेट पर पैर रखकर भी मारपीट की गई।

कार के सामने आया बच्चा

महिला के पति संदीप रावत के मुताबिक, घटना छह नवंबर की सुबह की है। उनकी पत्नी रोज की तरह टहलने के लिए निकली थीं। इसी दौरान सड़क पर एक कार आ रही थी और एक बच्चा उसके सामने पहुंच गया। बच्चे को कार की चपेट में आने से बचाने के लिए महिला ने उसे खींचकर किनारे कर दिया।

भीड़ ने लगाया आरोप

महिला की इस हरकत को देखकर वहां मौजूद कुछ लोगों ने बच्चा चोरी का शक जताया और उसे पकड़ लिया। कुछ ही देर में वहां 20-25 लोगों की भीड़ जुट गई। आरोप है कि लोगों ने महिला के हाथ-पैर बांधकर उसे उल्टा लटका दिया और जमकर पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, महिला कुछ दिनों से मानसिक रूप से बीमार थी।

अस्पताल में कराया भर्ती

पिटाई के बाद भीड़ महिला को मानस सिटी चौकी ले गई। इसकी जानकारी मिलने पर संदीप वहां पहुंचे और पत्नी को बलरामपुर अस्पताल लेकर गए। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। संदीप का आरोप है कि घटना वाले दिन ही पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।

वीडियो वायरल होते ही हिंसा

मंगलवार को महिला की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने फार्म के पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

तीन आरोपी हिरासत में

इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। आगजनी करने वालों की पहचान की जा रही है। एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version