Site icon News1India

Mehul Choksi’s Extradition:क्या मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण जल्द होगा,भारत ने बेल्जियम को दिया जेल में कौन सी सुविधाओं का भरोसा

mehul choksi extradition update india

P N B BANK fraud case : भारत के लिए मेहुल चोकसी का प्रत्यर्पण एक बड़ा मुद्दा बन गया है। 66 साल के चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक में 12,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। बेल्जियम के एंटवर्प शहर में गिरफ्तारी के बाद भारत ने उनके प्रत्यर्पण के लिए कड़ा प्रयास शुरू कर दिया है। भारत ने बेल्जियम सरकार को भरोसा दिया है कि चोकसी को मुंबई की आर्थर रोड जेल में पूरी तरह से मानवाधिकारों के अनुसार रखा जाएगा। लेकिन सवाल ये उठ रहा है कि क्या उन्हें वाकई वो सारी सुविधाएं मिलेंगी, जो भारत दावा कर रहा है?

भारत ने बेल्जियम को भेजा पत्र

भारत ने बेल्जियम को एक पत्र भेजकर जेल में चोकसी को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी है। बताया गया है कि उन्हें बैरक नंबर 12 में रखा जाएगा। वहां उन्हें साफ चटाई, तकिया, चादर और कंबल दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर लकड़ी या लोहे का बिस्तर भी उपलब्ध कराया जाएगा। चोकसी के वकीलों का कहना है कि उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी है, इसलिए उनकी सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। जेल में मिलने वाली सुविधाओं की बात करें तो भारत ने कहा है कि चोकसी को साफ पीने का पानी, 24 घंटे मेडिकल सुविधा और पौष्टिक खाना मिलेगा।

जेल की सफाई रोज की जाएगी और बैरक में पर्याप्त रोशनी और हवा का इंतजाम होगा। उन्हें हर दिन एक घंटे से ज्यादा समय बाहर टहलने और व्यायाम करने के लिए दिया जाएगा। मौसम सामान्य रहने की वजह से न तो हीटर की जरूरत होगी और न ही एयर कंडीशनर की।

खाने की बात करें तो चोकसी को दिन में तीन बार खाना दिया जाएगा। अगर डॉक्टर की सलाह से विशेष डाइट की जरूरत होगी तो वो भी उपलब्ध कराई जाएगी। जेल में कैंटीन भी है, जहां से फल, जूस और हल्के स्नैक्स खरीदे जा सकते हैं। इसके अलावा, योग, ध्यान, किताबें, बोर्ड गेम्स जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। उन्हें खुले आंगन में टहलने और व्यायाम करने का भी मौका मिलेगा। साथ ही बैडमिंटन जैसी खेल गतिविधियों की भी सुविधा दी जाएगी।

भारत ने बेल्जियम को भरोसा दिलाया है कि चोकसी की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। हालांकि, सवाल यह है कि क्या जेल में वास्तव में यही सुविधाएं मिलेंगी। इस मुद्दे पर आगे क्या होगा, यह समय ही बताएगा। फिलहाल भारत की तरफ से सभी औपचारिकताएं पूरी कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version