Site icon News1India

Ketan Murder case: मीडिया को अश्लील इशारा करने पर बढ़ा विवाद, पुलिस ने किए हत्या की साजिश से जुड़े कई अहम खुलासे

Pune Fort Murder Case

Pune Fort Murder Case: पुणे के चर्चित किला हत्याकांड में एक नया विवाद सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए उनके घर से बाहर लेकर जाती दिखाई दे रही है। गुरुवार को पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में स्थित सिया के घर से पुलिस उन्हें जांच के लिए बाहर लाई। इस दौरान उन्होंने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और चेहरे को प्रिंटेड स्कार्फ से ढका हुआ था। बाहर मौजूद पत्रकारों की तरफ कुछ पल देखने के बाद उन्होंने कैमरों की ओर मिडिल फिंगर दिखा दी। यह दृश्य कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सिया के इस व्यवहार की कड़ी आलोचना की। कई लोगों का कहना है कि जिस मामले में उन पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं, उसमें इस तरह का इशारा करना बिल्कुल भी उचित नहीं है। लोगों ने इसे असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार बताया।

हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उनके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले में कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाई थी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसल गया था और वह हादसे का शिकार हुए थे। इसी आधार पर पहले मामला दुर्घटनावश मौत का दर्ज किया गया था।

पूछताछ में बदला पूरा मामला

जांच के दौरान पुलिस को सिया के बयान और उनके व्यवहार में कई विरोधाभास मिले। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाया गया और पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनके आधार पर सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि सिया और केतन की शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हुई थी और नवंबर में विवाह होना था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि चेतन इस रिश्ते से खुश नहीं था और वह केतन को अपने रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट मानता था। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई।

पहले भी की गई थी कोशिश

जांच में यह दावा भी किया गया है कि 14 जून को भी सिया ने केतन को किले से धक्का देने की कोशिश की थी। हालांकि उस समय केतन चट्टान के किनारे उगी झाड़ियों को पकड़कर अपनी जान बचाने में सफल रहे थे। पुलिस का कहना है कि इसके बाद सिया ने सांप दिखाई देने का बहाना बनाकर उनका ध्यान भटकाया और भरोसा जीतने की कोशिश की। बाद में उन्होंने दोबारा केतन को किले पर बुलाया, जहां चेतन पहले से मौजूद था। आरोप है कि दोनों ने मिलकर पीछे से धक्का देकर उन्हें खाई में गिरा दिया।

फिलहाल दोनों आरोपियों को वड़गांव कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस उनकी कस्टडी बढ़ाने की मांग करेगी, जबकि बचाव पक्ष न्यायिक हिरासत की मांग कर सकता है।

Exit mobile version