Site icon News1India

सोनम की राह क्यों चल पड़ी Maharashtra की राधिका,पति की हत्या से कांपा सांगली, वट पूर्णिमा की रात हुआ खूनी कांड

Sangli Vat Purnima murder case :महाराष्ट्र के सांगली जिले के कुपवाड़ शहर में वट पूर्णिमा की रात एक ऐसा दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी को चौंका दिया। जब इलाके की महिलाएं अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए वटवृक्ष (बरगद) की पूजा कर रहीं थीं, उसी वक्त एक नवविवाहिता ने अपने ही पति को कुल्हाड़ी से बेरहमी से मार डाला।
क्या है पूरी घटना?

घटना प्रकाश नगर की एकता कॉलोनी की है, जहां 45 साल के अनिल तानाजी लोखंडे अपनी दूसरी पत्नी राधिका बालकृष्ण इंगले के साथ रहते थे। दोनों की शादी अभी एक महीना पहले ही 17 मई 2025 को हुई थी।

11 से 12 जून की रात राधिका ने किसी बात पर अनिल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वार सिर और हाथ पर इतने जोर से किया गया कि अनिल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही कुपवाड़ एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राधिका को गिरफ्तार कर लिया। अभी तक हत्या की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच चल रही है।

दूसरी शादी थी अनिल की

जानकारी के अनुसार, अनिल की पहली पत्नी की मौत कैंसर से हो चुकी थी। पहली शादी से उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अनिल खुद पेट की बीमारी से परेशान रहते थे और अकेले जीवन बिता रहे थे। परिवार और रिश्तेदारों की सलाह पर उन्होंने दूसरी शादी की थी, लेकिन शादी के महज एक महीने के भीतर ही उनकी जान चली गई।

वट पूर्णिमा की रात का खून से सना सच

वट पूर्णिमा को महाराष्ट्र में बहुत ही पवित्र व्रत माना जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और साथ निभाने की कामना करती हैं। लेकिन इसी रात राधिका ने अपने पति की सांसें ही छीन लीं।

पुलिस ने बताया कि राधिका को वारदात के तुरंत बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। हत्या के पीछे के कारणों को समझने के लिए गहराई से जांच जारी है।

Exit mobile version