Site icon News1India

Coimbatore Crime: चलती ट्रेन में प्रेग्नेंट महिला से रेप की कोशिश, विरोध करने पर आरोपी ने नीचे फेंका

Coimbatore

Coimbatore Crime: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रेग्नेंट महिला को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे कोयंबटूर-तिरुपति इंटरसिटी एक्सप्रेस में हुई। पीड़िता तिरुपुर से आंध्र प्रदेश के चित्तूर जा रही थी और महिला कोच में सफर कर रही थी। ट्रेन में अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं, लेकिन जोलारपेट्टई स्टेशन पर उनके उतरते ही महिला अकेली रह गई। इसी दौरान 27 वर्षीय आरोपी हेमराज कोच में चढ़ा और महिला से जबरदस्ती करने लगा। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घटना के बाद घायल महिला को वेल्लोर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

ट्रेन में अकेली रह गई थी पीड़िता

पीड़ित महिला का टिकट कन्फर्म नहीं था, इसलिए वह सुबह 6:40 बजे ट्रेन के महिला कोच में चढ़ गई। उस समय कोच में आठ अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। लेकिन जब सुबह 10:15 बजे ट्रेन जोलारपेट्टई स्टेशन पहुंची, तो सभी महिलाएं उतर गईं और पीड़िता अकेली रह गई। इसी दौरान हेमराज नामक एक व्यक्ति महिला कोच में घुस आया और कुछ देर वहीं बैठा रहा। मौका पाते ही उसने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।

चलती ट्रेन से नीचे फेंका

जब महिला ने हेमराज का विरोध किया और उसे लात मारी, तो आरोपी ने गुस्से में आकर उसे ट्रेन से नीचे फेंक दिया। ट्रेन से गिरने के कारण महिला के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। जैसे ही Coimbatore रेलवे अधिकारियों को घटना की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत पीड़िता को वेल्लोर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला की हालत स्थिर है, लेकिन उसे काफी चोटें आई हैं।

Coimbatore पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी हेमराज को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि वह पहले भी हत्या और डकैती के मामलों में जेल जा चुका है। रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। इस घटना ने ट्रेन में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यहां पढ़ें: नोएडा के कई स्कूलों को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और बम स्क्वॉड अलर्ट
Exit mobile version