Train Crime Case: अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में एक युवती के साथ गंभीर अपराध का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रेन के टीटीई ने बिना टिकट सफर कर रही एक एनसीसी कैडेट युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती परीक्षा देने मऊ गई थी और वापस गोरखपुर लौट रही थी।
बताया जा रहा है कि स्टेशन पर ज्यादा भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी। जल्दबाजी में वह एसी कोच में चढ़ गई और वहीं खड़ी रही। इसी दौरान टीटीई से उसकी बातचीत हुई, जिसने सीट दिलाने का भरोसा देकर उसे अपने केबिन में बुलाया।
सीट दिलाने के बहाने ले गया केबिन
पीड़िता के अनुसार, टीटीई ने पहले उससे नाम-पता और परीक्षा के बारे में पूछा। युवती ने सोचा कि जुर्माना लेकर सीट मिल जाएगी, इसलिए वह उसके साथ केबिन में चली गई। आरोप है कि केबिन में बैठाने के बाद टीटीई ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसका व्यवहार बदल गया।
युवती का कहना है कि आरोपी ने जबरदस्ती उसके साथ गलत काम किया। विरोध करने पर उसने बिना टिकट यात्रा का केस दर्ज कराने की धमकी दी। घटना ट्रेन के इंदारा और देवरिया के बीच बताई जा रही है। डर और घबराहट के बीच युवती ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
देवरिया स्टेशन पर आरोपी फरार
जैसे ही मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची, आरोपी टीटीई देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में किराए पर रहकर भर्ती की तैयारी कर रही थी। वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने अपने घर गई थी और परीक्षा के बाद वापस लौट रही थी।
घटना के बाद युवती काफी सदमे में है। उसने पूरी जानकारी पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी के एसपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना ट्रेन में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
