सिराथू में चला बहू का जादू, पल्लवी पटेल ने डिप्टी सीएम केशव मौर्य को किया परास्त

कौशाम्बी: सिराथू विधानसभा सीट पर चुनावी उलटफेर की अनोखी मिसाल देखने को मिली। जहां केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बड़ी बहन पल्लवी पटेल ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को चुनावी रण में धूल चटा दी। उनकी यह जीत सुर्खियां बनी हुई है। बता दें पल्लवी पटेल सपा-गठबंधन की प्रत्याशी थी। उनकी ये जीत इसलिए भी चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि उन्हें टिकट चुनाव शुरू होने के 2 हफ्ते पहले मिला था। लगातार पल्लवी पटेल को टिकट मिलने में संशय बना हुआ था।

पल्लवी का क्या रहा चुनावी रोडमैप

पल्लवी पटेल ने चुनाव प्रचार के दौरान महंगाई और बेरोजगारी मुद्दे को हवा दते हुए जनता को मोह लिया। खुद को कौशांबी की बहू बताकर जनता का रुख बदलने का प्रयास किया। महिलाओं के बीच जा-जा कर खुद की पहचान बनाई। इसके साथ ही आवारा पशु की समस्या को लेकर चुनावी हवा अपने पक्ष में करती दिखी। पल्लवी पटेल के पक्ष में जया बच्चन ने जमकर प्रचार किया और उनकी छवि का भी लाभ पल्लवी पटेल को मिला। आपको बता दें पल्लवी पटेल को कुल 106278 वोट मिले। वहीं केशव प्रसाद मौर्य को 98941 वोट मिले। पहले राउंड में केशव मौर्य ने 870 वोटों के साथ बढ़त बनाई लेकिन दूसरे राउंड की मतगणना में केशव मौर्य को 2953 और सपा की पल्‍लवी को 4278 मत मिले। जिससे लगातार हर राउंड में डिप्टी सीएम पिछड़ते चले गए।

निशांत दिक्षित

Exit mobile version