A I Summit Protest Case: दिल्ली पुलिस ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन के मामले में यूथ कांग्रेस के एक और कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ता जितेंद्र यादव को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से पकड़ा। इसके साथ ही एक अन्य आरोपी कृष्ण हरि की गाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, कार से एक टी-शर्ट और कुछ पोस्टर मिले हैं, जिनका संबंध प्रदर्शन से बताया जा रहा है। इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
लगातार छापेमारी जारी
इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच कर रही है। दोनों टीमें मिलकर प्रदर्शन में शामिल लोगों की तलाश में जुटी हैं। दिल्ली सहित एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, यूथ कांग्रेस के कई नेता पुलिस की नजर में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।
परिवार का गंभीर आरोप
ग्वालियर से पकड़े गए जितेंद्र यादव के परिवार ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस उन्हें घर से मारपीट करते हुए अपने साथ ले गई। जितेंद्र के पिता केशव का कहना है कि पुलिस ने यह भी साफ नहीं किया कि उन्हें किस मामले में ले जाया जा रहा है। परिवार ने कांग्रेस नेताओं से संपर्क किया और एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे, लेकिन वहां से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। परिजनों का कहना है कि अगर उनके बेटे पर कोई एफआईआर दर्ज थी, तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी।
क्या है पूरा मामला
यह पूरा मामला 20 फरवरी को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित India AI Impact Summit 2026 से जुड़ा है। समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। कुछ कार्यकर्ता शर्ट उतारकर नारेबाजी करने लगे थे। उनके शरीर और टी-शर्ट पर ‘PM is Compromised’ जैसे नारे लिखे थे।
कैसे की गई तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने समिट में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। वे जैकेट पहनकर अंदर गए, ताकि उनकी नारे लिखी टी-शर्ट सुरक्षा जांच में नजर न आए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया। अब पुलिस पूरे मामले की कड़ाई से जांच कर रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
