Restaurant Bill Dispute: दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित एक रेस्टोरेंट में 12 फरवरी की रात जमकर हंगामा हुआ था । आरोप है कि एक महिला सब-इंस्पेक्टर (एसआई) और उसके पति ने शराब के नशे में रेस्टोरेंट स्टाफ और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी और मारपीट की। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है, लेकिन दोनों आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
बिल देने पर हुआ विवाद
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, 12 फरवरी की रात महिला एसआई अपने पति के साथ ‘Lord of the Drinks’ नाम के रेस्टोरेंट में गई थी। दोनों ने देर रात तक शराब पी। जब रेस्टोरेंट प्रबंधन ने 4,538 रुपये का बिल पेश किया, तो महिला एसआई ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए बिल चुकाने से इनकार कर दिया। रेस्टोरेंट स्टाफ ने समझाने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ती चली गई। आखिरकार, कर्मचारियों ने पीसीआर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों से हाथापाई
सूचना मिलने पर बीट कांस्टेबल गोपाल, हेड कांस्टेबल सुरेश और एक महिला कांस्टेबल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि नशे में महिला एसआई ने कांस्टेबल गोपाल के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी वर्दी तक फाड़ दी। वहीं, उसके पति ने हेड कांस्टेबल सुरेश को पीटा और दांत से काट लिया।
जब महिला कांस्टेबल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान गाली-गलौज भी हुई। घटना के समय दोनों आरोपी नशे में थे, जिससे वहां मौजूद लोग घबरा गए।
थाने में भी जारी रहा विवाद
काफी मशक्कत के बाद दोनों को थाने लाया गया, लेकिन वहां भी उनका व्यवहार ठीक नहीं रहा। इसके बाद दोनों पक्षों को मेडिकल जांच के लिए Lady Hardinge Medical College भेजा गया। पुलिसकर्मी की शिकायत के आधार पर सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस के कब्जे में
रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में दंपति नशे की हालत में नजर आ रहे हैं।
दोनों आरोपियों को नोटिस भेजा गया था, लेकिन वे उसके बाद से गायब हैं। उन्होंने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में अर्जी लगाई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि दंपति की तलाश में दिल्ली समेत अन्य राज्यों में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

