Delhi Flood : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते यमुना नदी उफान पर है। मंगलवार को ही नदी ने खतरे के निशान को पार कर लिया था, जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं।
अब तक लगभग 5000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि NDRF की चार टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। उधर, हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा गया अतिरिक्त पानी दिल्ली के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
कई इलाकों में घुसा यमुना का पानी
बाढ़ का सबसे अधिक असर यमुना बाजार और मोनेस्ट्री मार्केट जैसे निचले इलाकों में देखा जा रहा है, जो बुधवार को ही पूरी तरह जलमग्न हो गए थे। कल पानी का स्तर और बढ़ गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। वहीं, मयूर विहार, निगमबोध घाट, पुराना लोहा पुल, आईएसबीटी, बुराड़ी, न्यू उस्मानपुर और नजफगढ़ जैसे इलाकों की कॉलोनियों में भी पानी घुस चुका है, जिससे सैकड़ों लोग राहत शिविरों में शरण लेने को मजबूर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें : पंजाब में तबाही के बीच बीबीएमबी की बड़ी नसीहत, कहा – ‘बदलनी होगी रुढ़िवादी सोच…’
धीरे-धीरे घट रहा यमुना का जलस्तर
हालांकि थोड़ी राहत की बात यह है कि ओल्ड रेलवे ब्रिज के पास यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है और अब यह 206.43 मीटर तक पहुंच गया है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक और बारिश थमती नहीं, हालात पूरी तरह सामान्य नहीं होंगे।