South Delhi fire: कैसे बीड़ी पीने की लत ने लेली जान, क्या गैस लीकेज से भड़की आग, महिला की दर्दनाक मौत

दक्षिणी दिल्ली के मोलरबंद इलाके में गैस लीकेज के कारण घर में आग लग गई। माचिस जलाते ही आग भड़क उठी और 65 वर्षीय वीनू सिंह झुलस गईं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Delhi Fire Accident: दक्षिणी दिल्ली के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के मोलरबंद इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक घर में अचानक आग लग गई, जिसमें 65 साल की बुजुर्ग महिला की झुलसकर मौत हो गई। मृत महिला की पहचान वीनू सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत पर बने वॉशरूम में थीं महिला

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम अचानक घर में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि उस समय वीनू सिंह घर की छत पर बने वॉशरूम में गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक अंदर आग लग गई और वह उसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल पाया।

परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे

घर से धुआं और शोर सुनकर परिवार के लोग तुरंत वहां पहुंचे। किसी तरह महिला को आग से बाहर निकाला गया और जल्दी से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
लेकिन अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया और घर में रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं।

गैस पाइपलाइन लीकेज की आशंका

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घर में लगी गैस पाइपलाइन में कहीं लीकेज था। परिवार वालों का कहना है कि करीब दो महीने पहले ही घर में नई गैस पाइपलाइन का कनेक्शन लगाया गया था। उनका आरोप है कि पाइपलाइन में कहीं से गैस रिस रही थी और धीरे-धीरे वॉशरूम के अंदर गैस भर गई थी। हालांकि परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी और उन्हें गैस की गंध भी महसूस नहीं हुई।

माचिस जलाते ही हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक वीनू सिंह को बीड़ी पीने की आदत थी। शनिवार शाम जब वह वॉशरूम में थीं, तब उन्होंने बीड़ी जलाने के लिए माचिस जलाई। जैसे ही माचिस जली, वहां जमा गैस के संपर्क में आते ही अचानक जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि महिला बुरी तरह झुलस गईं और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में गैस लीकेज को आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पुलिस गैस पाइपलाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं लापरवाही तो नहीं हुई थी।

लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी डर और चिंता का माहौल है। पुलिस और दमकल विभाग का कहना है कि घरों में गैस पाइपलाइन या सिलेंडर का इस्तेमाल करते समय हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए। अगर कहीं गैस की गंध महसूस हो तो तुरंत खिड़की-दरवाजे खोल दें और माचिस या किसी भी तरह की आग जलाने से बचें। थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।

Exit mobile version