Gym death’ Case: वर्क आउट के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, जिम में गिरे हेड कांस्टेबल की हुई मौत

दिल्ली के ज्योति नगर में जिम के दौरान हेड कांस्टेबल सुभाष बालियान की मौत हो गई। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित किया गया। शुरुआती कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, पुष्टि पोस्टमार्टम से होगी।

Delhi News: दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई। दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल सुभाष बालियान जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही ज्योति नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

2010 में जॉइन की थी नौकरी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुभाष बालियान शाहदरा के बलबीर नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने साल 2010 में दिल्ली पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल नौकरी शुरू की थी। इस समय उनकी तैनाती ज्योति नगर थाने में थी।

सुबह मिली थी पीसीआर कॉल

मंगलवार सुबह करीब 7:24 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि शिव मंदिर के पास स्थित एक क्रॉस फिट जिम में वर्कआउट करते समय एक व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जिम में मौजूद लोग सुभाष को निजी वाहन से तुरंत गुरु तेग बहादुर अस्पताल लेकर गए थे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।

पोस्टमार्टम से साफ होगी वजह

पोस्टमार्टम के बाद शव उनके भतीजे आकाश तोमर को सौंप दिया गया। परिवार वाले पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव हरौली, तहसील बुधाना, जिला मुजफ्फरनगर ले गए। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, लेकिन असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा।

सोशल मीडिया पोस्ट हुई वायरल

इस घटना के बाद सुभाष का एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में आ गया है। 14 तारीख को उन्होंने एक वर्कआउट वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “सारे शौक खत्म कर दिए हैं मैंने, बस एक जिम ही है, जहां बड़े शौक से जाते हैं।” दुख की बात यह है कि इसी शौक को पूरा करते हुए कुछ ही दिनों बाद उनकी अचानक मौत हो गई।

लोगों में शोक की लहर

इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस विभाग और स्थानीय लोग भी इस खबर से दुखी हैं। अचानक हुई इस मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।

Exit mobile version