Delhi High Court Senior Citizen Property Case: बुजुर्ग माता-पिता की जिंदगी में दखल देकर उन्हें अपने ही घर में परेशान करने वाले बेटे-बहू को दिल्ली हाईकोर्ट ने कड़ा संदेश दिया है। अदालत ने साफ कहा है कि किसी भी बुजुर्ग को उसकी मर्जी के खिलाफ अपने ही घर में बेटे और बहू के साथ रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अगर कोई बुजुर्ग अपने घर में शांति और सम्मान के साथ रहना चाहता है तो उसकी इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए।
इसी टिप्पणी के साथ दिल्ली हाईकोर्ट ने 85 वर्षीय बुजुर्ग के बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया है।
पिता को घर में रहने का पूरा अधिकार
मामले की सुनवाई जस्टिस अमित महाजन ने की। उन्होंने कहा कि 85 साल के बुजुर्ग को अपनी संपत्ति में शांति और सम्मान के साथ रहने का पूरा अधिकार है। जब बच्चों के साथ रिश्ते इतने खराब हो जाएं कि मामला पुलिस और अदालत तक पहुंच जाए तो बुजुर्ग को उसी घर में रहने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान और मानसिक शांति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कारोबार विवाद की दलील खारिज
सुनवाई के दौरान बेटे और बहू की ओर से दलील दी गई कि पिता अपने बेटों के बीच चल रहे कारोबारी विवाद के कारण उन्हें घर से निकालना चाहते हैं। हालांकि, हाईकोर्ट ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया।
कोर्ट ने कहा कि बेटों के बीच कारोबार को लेकर विवाद होने का यह मतलब नहीं है कि बुजुर्ग पिता की शिकायत गलत है। उन्हें कानून के तहत मिलने वाली सुरक्षा से वंचित नहीं किया जा सकता।
पत्नी की मौत के बाद बढ़ी परेशानी
बुजुर्ग ने अदालत को बताया कि साल 2008 में छोटे बेटे की शादी के बाद उन्होंने बड़े बेटे और बहू से अलग रहने की व्यवस्था करने को कहा था। हालांकि, दोनों ने मकान खाली करने से इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद बेटे-बहू का व्यवहार उनके प्रति बदल गया। उन्होंने ठीक से बातचीत करना और आर्थिक मदद देना भी बंद कर दिया। बुजुर्ग के मुताबिक, साल 2020 में पत्नी की मौत के बाद उनकी परेशानियां और बढ़ गईं।
डीएम के फैसले को हाईकोर्ट ने पलटा
बुजुर्ग ने मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पेरेंट्स एंड सीनियर सिटिजंस एक्ट, 2007 के तहत जिला मजिस्ट्रेट के पास शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने कमाए हुए मकान से बड़े बेटे और बहू को बाहर निकालने के साथ गुजारा भत्ता दिलाने की मांग की थी।
हालांकि, जिला मजिस्ट्रेट ने दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप साबित नहीं होने की बात कहकर शिकायत बंद कर दी थी। साथ ही माना था कि बुजुर्ग बेटों के कारोबारी विवाद के चलते इस कानून का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हर दुर्व्यवहार का सबूत जरूरी नहीं
हाईकोर्ट ने डीएम के फैसले को रद्द करते हुए कहा कि घर के अंदर होने वाले दुर्व्यवहार को साबित करना हमेशा आसान नहीं होता। ऐसी घटनाएं अक्सर घर की चारदीवारी के भीतर होती हैं, जहां बाहरी गवाह मौजूद नहीं होते।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बुजुर्ग को हर घटना का पक्का सबूत देना जरूरी नहीं है। अगर वह यह दिखा देता है कि उसे अपनी संपत्ति में शांति और सम्मान से रहने के लिए सुरक्षा की जरूरत है तो भी बेटे-बहू को घर से बाहर करने का आदेश दिया जा सकता है।
चार हफ्ते में खाली करना होगा मकान
हाईकोर्ट ने जिला मजिस्ट्रेट का आदेश रद्द करते हुए बेटे और बहू को चार सप्ताह के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया है। साथ ही संबंधित थाने के एसएचओ को जरूरत पड़ने पर बुजुर्ग की मदद करने के लिए कहा है, ताकि अदालत के आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जा सके।

