Site icon News1India

Delhi News:जामा मस्जिद थाने में मची अफरा-तफरी, पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला; आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने चलाई गोली

Delhi Jama Masjid Police Station Attack

Delhi Jama Masjid Police Station Attack:दिल्ली में अपराध की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस थाने के अंदर भी पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं हैं। पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पूछताछ के दौरान किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान नबील के रूप में हुई है। उसके खिलाफ परिवार की ओर से शिकायत मिली थी कि वह अपनी मां और बहन को परेशान करता है। इसी शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उसे पूछताछ के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया था।

पुलिसकर्मी उससे परिवार से जुड़े विवाद के बारे में जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनके चेहरे और गर्दन पर चोटें आई हैं।

तीन पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर

हमले के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन पुलिसकर्मियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दो अन्य घायल पुलिसकर्मियों का संजीवनी अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।

थाने से भागकर चुराई बाइक

पुलिसकर्मियों पर हमला करने के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागने के लिए उसने एक दोपहिया वाहन भी चुरा लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।

घेराबंदी के दौरान फिर किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने चितली कबर इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने दोबारा पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने उसे काबू करने के लिए फायरिंग की।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की गोली लगने से आरोपी नबील घायल हो गया और उसे करीब छह गोलियां लगी हैं। इस दौरान चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इस तरह थाने में हुए हमले और गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए।

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान अचानक हमला क्यों किया और उसके पास चाकू कहां से आया।

Exit mobile version