Site icon News1India

Delhi Metro Extra Trips: दिल्ली में प्रदूषण से बिगड़े हालात, GRAP-2 लागू; 3 नवंबर से मेट्रो लगाएगी कई Extra Trip

Delhi Metro Extra Trips: दिवाली से पहले दिल्ली की हवा लगातार खराब होती जा रही है। सोमवार, 2 नवंबर को राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 324 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का दूसरा चरण लागू कर दिया है। इसके बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी यात्रियों को राहत देने के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।

3 नवंबर से मेट्रो लगाएगी 20 अतिरिक्त फेरे

DMRC के मुताबिक, 3 नवंबर से हफ्ते के कामकाजी दिनों में मेट्रो 20 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। इससे पहले GRAP-1 लागू होने पर भी 20 अतिरिक्त फेरे शुरू किए गए थे। अब नेटवर्क पर कुल 40 अतिरिक्त फेरे उपलब्ध होंगे।

DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि इस कदम का उद्देश्य लोगों को निजी गाड़ियों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सके।

जहांगीरपुरी में AQI 436, तीन इलाकों में गंभीर स्थिति

सोमवार को दिल्ली में स्मॉग की चादर छाई रही। शाम 4 बजे राजधानी का औसत AQI 324 दर्ज किया गया। हालांकि, कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर इससे भी ज्यादा रहा। जहांगीरपुरी में AQI 436, रोहिणी में 415 और पंजाबी बाग में 413 रिकॉर्ड किया गया। इन तीनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई थी।

GRAP-2 लागू होने पर क्या-क्या बदलेगा?

GRAP-2 के तहत प्रशासन को धूल और वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त कदम उठाने होंगे। इनमें मैकेनिकल रोड स्वीपिंग, सड़कों पर पानी का छिड़काव और एंटी-स्मॉग गन का इस्तेमाल शामिल है।

इसके अलावा पार्किंग शुल्क बढ़ाने, ट्रैफिक जाम वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक परिवहन की सेवाएं मजबूत करने जैसे उपाय भी किए जाएंगे। लोगों को निजी वाहनों के बजाय मेट्रो, बस और कारपूलिंग अपनाने की सलाह दी गई है।

अगले कुछ दिन भी राहत मिलने की उम्मीद कम

मौसम विभाग और भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रतिकूल मौसम के कारण दिल्ली की हवा अगले कुछ दिनों तक ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रह सकती है। ऐसे में लोगों को सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने और प्रदूषण कम करने में सहयोग देने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version