Highway Toll Alert: इन टोल प्लाज़ा पर बदल गए रेट, घर से निकलने से पहले जान लें कौन कौन लिस्ट में शामिल

आज से दिल्ली-NCR के प्रमुख हाईवे पर सफर महंगा हो गया है। खेड़की दौला टोल पर अब कार का शुल्क 100 रुपये और द्वारका एक्सप्रेसवे पर 225 रुपये कर दिया गया है। सोहना और आगरा रूट पर भी 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे दैनिक यात्रियों और पर्यटकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

Highway Toll Alert: दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों नौकरीपेशा और यात्रियों के लिए आज की सुबह जेब पर भारी पड़ने वाली खबर लेकर आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने दिल्ली-NCR के कई प्रमुख हाईवे और एक्सप्रेसवे पर टोल दरों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। नई दरें मंगलवार रात 12 बजे के बाद से ही लागू हो चुकी हैं। इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो निजी वाहनों से दिल्ली-जयपुर, सोहना और आगरा रूट का इस्तेमाल करते हैं। एनएचएआई के अनुसार, यह वार्षिक संशोधन सड़कों के बेहतर रखरखाव और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं देने के उद्देश्य से किया गया है।

प्रमुख टोल प्लाजा पर बदली दरें

टोल दरों में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर द्वारका एक्सप्रेसवे पर देखने को मिल रहा है। बिजवासन टोल प्लाजा पर अब कार चालकों को एक तरफ के सफर के लिए 225 रुपये चुकाने होंगे, जिसमें 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यदि आप 24 घंटे के भीतर वापसी करते हैं, तो आपको 340 रुपये का शुल्क देना होगा। इसी तरह, दिल्ली-जयपुर हाईवे के सबसे व्यस्त ‘खेड़की दौला टोल प्लाजा’ पर कार और जीप का किराया 95 रुपये से बढ़ाकर अब 100 रुपये कर दिया गया है। बड़े वाहनों जैसे बसों और ट्रकों के लिए भी श्रेणियों के आधार पर 5 से 15 रुपये तक का इजाफा किया गया है।

मथुरा और आगरा रूट पर भी बढ़ी कीमतें

गुरुग्राम-सोहना हाईवे का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को अब घामडौज टोल प्लाजा पर कार के लिए 130 रुपये देने होंगे, जो पहले 125 रुपये था। हल्के व्यावसायिक वाहनों (LCV) के लिए यह शुल्क अब 210 रुपये कर दिया गया है, जबकि भारी वाहनों के लिए 690 रुपये का भुगतान करना होगा। इसके अलावा, फरीदाबाद के रास्ते मथुरा और आगरा जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को भी अब अधिक जेब ढीली करनी होगी। दिल्ली-आगरा हाईवे पर स्थित गदपुरी और करमन टोल प्लाजा पर करीब 5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है।

स्थानीय निवासियों और मासिक पास पर असर

टोल दरों में वृद्धि का असर केवल लंबी दूरी के यात्रियों पर ही नहीं, बल्कि उन स्थानीय लोगों पर भी पड़ा है जो रोजाना काम के सिलसिले में टोल पार करते हैं। गदपुरी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय निवासियों के लिए मासिक पास की कीमत 350 रुपये से बढ़ाकर अब 360 रुपये कर दी गई है। हालांकि यह बढ़ोतरी मामूली लग सकती है, लेकिन हजारों नियमित यात्रियों के लिए यह उनके मासिक बजट को प्रभावित करने वाला कदम है। एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि यह वृद्धि महंगाई सूचकांक और वार्षिक समीक्षा के आधार पर की गई है ताकि राजमार्गों की गुणवत्ता बनी रहे।

Exit mobile version