Delhi Pollution : दिल्ली में प्रदूषण का कहर, AQI पहुंचा 350 के पार

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, आज सुबह लगभग 8 बजे दिल्ली का औसत एक्यूआई 335 रहा, जबकि अधिकांश क्षेत्रों का एक्यूआई 350 के पार दर्ज किया गया है।

Delhi Pollution

Delhi Pollution : राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। शहरों में सड़क पर बिखरी धूल, वाहनों का धुंआ और पराली जलाने की घटनाएं इस समस्या को और ज्यादा गंभीर बना रही हैं। कर्तव्य पथ और इंडिया गेट के आसपास के क्षेत्रों में घना धुंआ छाया हुआ है, जहां AQI 357 मापा गया है, जिसे CPCB ने ‘बहुत खराब’ श्रेणी में शामिल किया है। दिल्ली एनसीआर के कई हिस्सों में AQI 350 के पार पहुंच चुका है, जिससे दिल्लीवासियों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है और आंखों में जलन की समस्या भी बढ़ गई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार आज सुबह आठ बजे आनंद विहार में एक्यूआई 351, मुंडका में 376, बवाना में 358, अशोक विहार में 353, आईटीओ में 328, जहांगीरपुरी में 371, रोहिणी में 365, नजफगढ़ में 340, आरके पुरम में 366, पंजाबी बाग में 351, सोनिया विहार में 365, द्वारका सेक्टर आठ में 339 दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदूषकों के फैलाव के लिए मौसमी परिस्थितियां बेहद प्रतिकूल होने के कारण स्थिति खराब हो रही है। भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के अनुसार शनिवार को दक्षिण-पूर्व दिशा से हवाएं चलीं। इस दौरान हवा की गति 4 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सोमवार और मंगलवार को भी हवाएं दक्षिण से दक्षिण-पूर्व की ओर चलेंगी।

स्मॉग के साथ हल्का कोहरा भी रहेगाआज

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को कुछ स्थानों पर सुबह के समय स्मॉग, हल्के से मध्यम कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। शाम और रात में स्मॉग और धुंध की संभावना। इस दौरान आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 32 और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। राजधानी में सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं, दोपहर में गर्मी परेशान कर रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिज में दर्ज किया गया।

Exit mobile version