Delhi Sangam Vihar Murder: राजधानी दिल्ली के संगम विहार इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान साथ बैठे लोगों के बीच विवाद हुआ और कमल गोस्वामी ने अपने परिचित रवि पर पिस्तौल से कई गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल रवि ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी कमल गोस्वामी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
संगम विहार में देर रात हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11 बजे वजीराबाद इलाके के संगम विहार में गली नंबर-14 स्थित डिवाइन अस्पताल के पास हुई। गोली लगने से घायल रवि को आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उसके शरीर पर गोली लगने के दो निशान मिले थे। डॉक्टरों ने इलाज किया, लेकिन सुबह उसकी मौत हो गई।
2021 के हत्या मामले से जुड़ी थी रंजिश
जांच में सामने आया कि रवि उत्तर-पश्चिमी जिले के नेताजी सुभाष प्लेस थाने में दर्ज 2021 के एक हत्या के मामले में आरोपी था। इस केस में अक्टूबर 2026 में उसे जमानत मिली थी।
पुलिस के अनुसार, पार्टी में मौजूद कमल गोस्वामी का संबंध भी उस पुराने हत्याकांड से जुड़े एक व्यक्ति से था। इसी मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इसी का बदला लेने के लिए रवि को निशाना बनाया गया।
कार से उतरकर चलाईं गोलियां
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शराब पीने के बाद सभी लोग कार में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कमल गोस्वामी कार से नीचे उतरा और रवि पर पिस्तौल से गोली चला दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्तौल और कार बरामद
पुलिस ने वजीरपुर निवासी कमल गोस्वामी और मोनू को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल और भागने के लिए इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान करने और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

