Delhi Swaroop Nagar gangrape murder: दिल्ली के स्वरूप नगर में 16 साल की किशोरी से गैंगरेप और हत्या के मामले में अदालत ने चार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इनमें तीन नाबालिग हैं। डीएनए जांच से चारों आरोपियों के वारदात में शामिल होने की पुष्टि हुई है।
आरोप तय हुए
राजधानी दिल्ली के स्वरूप नगर में 16 साल की किशोरी से गैंगरेप और हत्या के मामले में अदालत ने चार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। इनमें तीन नाबालिग हैं। करीब दो महीने पहले किशोरी का आधा सड़ा हुआ शव एक खेत में मिला था। पुलिस के मुताबिक, डीएनए जांच से चारों आरोपी वारदात में शामिल पाए गए हैं। पीड़िता के साथ हैवानियत की हद पार की गई। शव की पहचान तक मुश्किल थी। शरीर से दायां हाथ अलग था और शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। पुलिस अब अदालत से तीन नाबालिग आरोपियों पर गंभीर अपराध को देखते हुए मुकदमा चलाने की अनुमति मांगने की तैयारी कर रही है।
चाकू से किया हमला
पुलिस के मुताबिक, घटना 11 सितंबर की है। किशोरी घर से एक दोस्त से मिलने निकली थी। आरोपियों ने उसे एक खेत में ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। किशोरी ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने उस पर छह से ज्यादा बार चाकू से हमला किया और शव खेत में छोड़कर भाग गए। दो दिन बाद उसका शव मिला। शव बुरी तरह सड़ चुका था और उसे कुत्तों ने भी नोंच लिया था। शुक्रवार को बाहरी उत्तर जिले के डीसीपी शोभित डी सक्सेना ने बताया कि अदालत ने मामले में आरोप तय कर दिए हैं। अब मुकदमे में अभियोजन पक्ष के सबूत दर्ज किए जाएंगे। इस दौरान डॉक्टरों, शिकायतकर्ता, गवाहों और पुलिसकर्मियों को अदालत में बुलाया जाएगा। बचाव पक्ष इनसे जिरह भी करेगा।
फोरेंसिक रिपोर्ट अहम
पुलिस के मुताबिक, मामले में केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट अहम साबित हुई। जांच में किशोरी के शरीर से लिए गए नमूनों में वीर्य और चार अलग-अलग आरोपियों से मेल खाता डीएनए मिला। दिल्ली पुलिस ने 12 अक्टूबर को अदालत में 365 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की थी। इसमें 54 गवाहों के बयान शामिल हैं। पुलिस के लिए शुरुआत में मृतका की पहचान करना भी बड़ी चुनौती थी। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत था। दाहिना हाथ शरीर से अलग था। ऐसे में शुरुआत में यह भी पता नहीं चल पा रहा था कि शव महिला का है या पुरुष का।
टैटू से मिला सुराग
जांच को उस समय अहम सुराग मिला, जब पुलिस की नजर डेड बॉडी के बाएं हाथ पर बने तीन सितारों के टैटू पर पड़ी। इसके बाद गुमशुदगी की शिकायतों और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। इसी आधार पर पुलिस मृतका की पहचान और आरोपियों तक पहुंच सकी।

