Delhi Traffic Advisory: रामलीला मैदान में होने वाली रैली के कारण आईटीओ, दिल्ली गेट, राजघाट, अजमेरी गेट और तुर्कमान गेट के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जा सकता है।
पुलिस ने वाहन चालकों को बहादुर शाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, मिंटो रोड और देशबंधु गुप्ता रोड से बचने की सलाह दी है। इन रास्तों पर भीड़ और जाम की आशंका है।
अस्पताल और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए सलाह
एलएनजेपी और जीबी पंत अस्पताल जाने वाली एंबुलेंस तथा अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। वहीं, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है, ताकि संभावित जाम के कारण उनकी ट्रेन न छूटे।
पश्चिमी दिल्ली में भी बदलेगा ट्रैफिक
सिख समुदाय का मार्च हरि नगर डीटीसी डिपो से शुरू होकर जेल रोड के रास्ते तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगा। इसके चलते सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक पश्चिमी दिल्ली के कुछ इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है।
पदयात्रा के दौरान लाजवंती चौक से तिलक नगर के बीच जेल रोड के दोनों ओर की सड़कें कुछ समय के लिए बंद की जा सकती हैं। वाहन चालकों को सेवा मार्ग-पंखा रोड और मायापुरी रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने, यातायात नियमों का पालन करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की है।

