Site icon News1India

Delhi News : फैक्ट्री में खुद को लगाई आग, क्या 20 साल की युवती से शादी की जिद बनी मौत की वजह?

Sant Kabir Nagar

 Delhi Wazirpur Factory Suicide:दिल्ली के वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक बर्तन फैक्ट्री के अंदर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 47 साल के संदीप नाम के व्यक्ति ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे संदीप को फैक्ट्री कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मामला एक युवती से दोस्ती और शादी की जिद से जुड़ा बताया जा रहा है।

यूपी का रहने वाला था

पुलिस के मुताबिक, मृतक संदीप उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर का रहने वाला था। वह शादीशुदा था और परिवार में पत्नी के अलावा उसके दो बच्चे हैं। संदीप अक्सर अपने एक दोस्त के घर जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्त की 20 साल की बेटी से जान-पहचान हो गई। युवती दिल्ली के वजीरपुर इलाके में अकेली रहती थी और एक बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी।

युवती ने बंद की बातचीत

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, संदीप युवती को अक्सर फोन करता था। हालांकि, कुछ समय पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। बताया जा रहा है कि इस बात से संदीप काफी परेशान था। इसी सिलसिले में वह गुरुवार को उत्तर प्रदेश से दिल्ली पहुंचा था।

शादी की जिद पर विवाद

शुक्रवार को Sandeep पेट्रोल की दो बोतलें लेकर उस फैक्ट्री में पहुंचा, जहां युवती काम करती थी। वहां उसने युवती के सामने शादी करने की बात रखी और इसके लिए दबाव बनाया। पुलिस के मुताबिक, युवती ने शादी के प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसके बाद संदीप ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। अचानक हुई इस घटना से फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई।

कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की

Sandeepको आग की लपटों में घिरा देखकर फैक्ट्री के कर्मचारी तुरंत उसकी मदद के लिए दौड़े। उन्होंने आग बुझाई और गंभीर हालत में उसे दीप चंद बंधु अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सुसाइड नोट में क्या लिखा?

पुलिस को मौके से संदीप का एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने युवती के साथ अपनी दोस्ती टूटने को आत्महत्या की वजह बताया और इसके लिए उसे जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, पुलिस के अनुसार युवती ने संदीप के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध या रिश्ते में होने से इनकार किया है। ऐसे में पुलिस सुसाइड नोट में किए गए दावों और युवती के बयान को अलग-अलग आधार पर जांच रही है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उसके परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना से पहले संदीप और युवती के बीच क्या बातचीत हुई थी और फैक्ट्री में पहुंचने के बाद आखिरकार क्या परिस्थितियां बनीं।

Exit mobile version