Delhi News: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत बुधवार सुबह अचानक बिगड़ गई। वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, लेकिन इसी दौरान बेहोश होकर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि वह कुछ मिनटों तक होश में नहीं आए। घटना के बाद उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें तुरंत घर लेकर पहुंचे। वहां शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
AIIMS के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में चल रहा इलाज
मिली जानकारी के मुताबिक, मॉर्निंग वॉक के दौरान धनखड़ के बेहोश होने के बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें PCR वाहन से घर लेकर आए। यहां इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS) की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल ले जाने की सलाह दी। उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली AIIMS पहुंचाया गया। 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में भर्ती किया गया है। फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं।
पहले भी बिगड़ चुकी है तबीयत
जगदीप धनखड़ को इससे पहले भी बेहोशी की समस्या का सामना करना पड़ा है। जनवरी में वह अपने घर के वॉशरूम में दो बार बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी जरूरी जांच की थी।
मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद भी उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था। उस समय उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। जून 2025 में नैनीताल में एक कार्यक्रम के दौरान भी उनके बेहोश होने की खबर सामने आई थी।
स्वास्थ्य कारणों से छोड़ा था उपराष्ट्रपति का पद
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। वह अगस्त 2022 में देश के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। अपने इस्तीफे के संदेश में उन्होंने कहा था कि वह स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना चाहते हैं और डॉक्टरों की सलाह का पालन करेंगे।
फिलहाल सभी की नजरें AIIMS से आने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर आगे की अपडेट का इंतजार है।

