एक घर, 19 जिंदगियां… और आग का कहर, पालम हादसे में 9 की दर्दनाक मौत, जानिए सात लोगों की कैसे बची जान

दिल्ली के पालम में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के 9 लोगों की जान ले ली। ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैली, जबकि घर से बाहर गए 7 सदस्य इस दर्दनाक हादसे में बच गए।

Palam fire incident Delhi

Palam fire incident Delhi:दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बुजुर्ग महिला, उनके बेटे-बेटी, बहुएं और तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

 शॉर्ट सर्किट बना हादसे की वजह

पुलिस के अनुसार, साध नगर स्थित राम चौक मार्केट में चार मंजिला इमारत के निचले हिस्से में कॉस्मेटिक और कपड़ों का थोक कारोबार होता था। यहां बड़ी मात्रा में सिंथेटिक कपड़े, प्लास्टिक और केमिकल उत्पाद रखे हुए थे।
सुबह करीब 6:15 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगी, जिसने इन ज्वलनशील सामानों के कारण कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया।

सोते परिवार पर टूटा कहर

इमारत के ऊपरी दो मंजिलों पर 71 वर्षीय राजेंद्र कश्यप का 19 सदस्यों वाला संयुक्त परिवार रहता था। आग लगने के समय परिवार के अधिकांश सदस्य सो रहे थे।
इस हादसे में उनकी पत्नी लाडो, बेटे कमल और प्रवेश, बेटी हिमांशी, बहुएं दीपिका और आशू, और तीन नाबालिग बच्चियां—निहारिका, इवानी और जेसिका—की मौत हो गई।

बचने की कोशिश में कूदे लोग

आग तेजी से फैलती देख जान बचाने के लिए परिवार के सदस्य इधर-उधर भागने लगे। राजेंद्र के बेटे अनिल ने अपनी बेटी को दूसरी मंजिल से नीचे फेंका और फिर खुद भी कूद गया।
वहीं, सचिन करीब 25% तक झुलस गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घर से बाहर गए 7 लोग बच गए

हादसे के समय परिवार के 7 सदस्य घर से बाहर थे, जिससे उनकी जान बच गई।राजेंद्र कश्यप गोवा गए हुए थे, जबकि एक बेटा अपने परिवार के साथ हिमाचल और दूसरा अपने परिवार को नजफगढ़ छोड़ आया था।जब तक ये लोग वापस लौटे, उनका आधा परिवार इस दुनिया को छोड़ चुका था।

इलाके में शोक की लहर

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के इतने लोगों की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की जा रही है।

Exit mobile version