Site icon News1India

School Tragedy : 9 साल की बच्ची को आया हार्ट अटैक, मुंह के बल गिरी क्लास में ही मौत, CCTV में कैद हुआ आखिरी पल

Delhi News : पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बच्ची स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद क्लास में लौटी थी। कुछ देर खड़े रहने के बाद वह अचानक मुंह के बल जमीन पर गिर पड़ी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्लास में अचानक गिरी बच्ची

यह घटना मयूर विहार के लवली पब्लिक स्कूल की है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची कक्षा में प्रवेश करती दिखाई दे रही है। वह कुछ देर तक एक जगह खड़ी रहती है और कमर पर हाथ रखती है। इसके बाद अचानक मुंह के बल जमीन पर गिर जाती है।

बच्ची को गिरता देखकर कक्षा में मौजूद शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचती हैं। वह उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं, लेकिन बच्ची के शरीर में कोई हलचल नहीं दिखाई देती।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

पुलिस के मुताबिक, सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर स्कूल से पीसीआर कॉल मिली थी। इसमें बताया गया कि तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची अचानक बेहोश होकर गिर गई है।

इसके बाद उसे निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहले सामान्य दिख रही थी बच्ची

घटना से पहले के कुछ अन्य वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें बच्ची दूसरे बच्चों के साथ सामान्य दिखाई दे रही है। वह स्कूल के इनडोर क्षेत्र में भी नजर आई थी।

बताया जा रहा है कि स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद वह अपनी कक्षा में लौटी थी। इसके कुछ ही देर बाद यह घटना हो गई।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने शुरुआती जांच के दौरान कक्षा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। इसमें बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों और मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।

इसके लिए बच्ची के माता-पिता और स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य जरूरी सबूतों की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई है, हालांकि मौत की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Exit mobile version