Site icon News1India

Ayodhya Deepotsav 2026: रामायण थीम पर सज रही रामनगरी, बनाए जा रहे 13 भव्य और आकर्षक प्रवेश द्वार

Ayodhya Deepotsav 2026: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में दसवें दीपोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार रामनगरी को रामायण की थीम पर सजाया जा रहा है। दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए 13 थीमेटिक प्रवेश द्वार और 20 सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जा रहे हैं। इन पर रामायण के प्रमुख प्रसंगों, प्रभु श्रीराम की लीलाओं और रामचरितमानस की चौपाइयों को दर्शाया जाएगा।

हाईवे और राम की पैड़ी पर बनेंगे 13 प्रवेश द्वार

दीपोत्सव के लिए तैयार किए जा रहे 13 प्रवेश द्वारों में से तीन हाईवे पर और 10 राम की पैड़ी पर लगाए जाएंगे। इन द्वारों पर रामायण की चौपाइयां अंकित होंगी। इनके जरिए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़े प्रसंगों की झलक देखने को मिलेगी।

रामायण के प्रमुख प्रसंगों पर होंगे 20 सेल्फी प्वाइंट

श्रद्धालुओं के लिए 20 सेल्फी प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। इनमें 10 रामकथा मार्ग पर और 10 लता चौक से राम की पैड़ी तक स्थापित किए जाएंगे। इनकी थीम रामायण के सातों कांड और प्रमुख घटनाओं पर आधारित होगी।

इनमें महर्षि वाल्मीकि आश्रम, श्रीराम का धनुष भंग, राम-सीता विवाह, शबरी की भक्ति, राम-भरत मिलाप, जटायु से संवाद और निषादराज मिलन जैसे प्रसंग शामिल हैं।

हनुमान जी की लीलाओं से रावण वध तक दिखेंगे दृश्य

सेल्फी प्वाइंटों पर संजीवनी पर्वत लेकर उड़ते हनुमान, अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट, लंका दहन और रावण वध जैसे दृश्य भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा केवट मिलन, हनुमान के कंधों पर राम-लक्ष्मण के दृश्य और माता सीता की अग्नि परीक्षा जैसे प्रसंग भी आकर्षण का हिस्सा होंगे।

लता चौक से राम की पैड़ी तक बनने वाली संरचनाओं को धनुष का आकार दिया जा रहा है। इनके जरिए भगवान श्रीराम और अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाने की योजना है।

भक्ति के साथ आधुनिक सजावट का संगम

दीपोत्सव में पारंपरिक धार्मिक आस्था के साथ कलात्मक सजावट और आधुनिक प्रस्तुति को भी शामिल किया जा रहा है। थीमेटिक प्रवेश द्वार और सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों से रूबरू कराने के साथ यादगार तस्वीरें लेने का अवसर देंगे। इन तैयारियों के जरिए अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है। News1 india इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Exit mobile version